माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। राजकीय महिला महाविद्यालय, सोनीपत में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस कैंप के दूसरे दिन की शुरुआत स्वयंसेवकों ने योग अभ्यास से की। इसके बाद स्वयंसेवकों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर पोस्टर बनाकर समाज को बेटियों की सुरक्षा और उनकी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया।
डॉ. सुभाष सिसोदिया ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेविकाओं को उनके उत्तरदायित्व से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं को समझाया कि किस प्रकार एक राष्ट्र जाति व धर्म के आधार पर अपने विकास की गति को धीमा कर देता है इसलिए हमें इन सबसे ऊपर उठकर अपने व्यक्तित्व, समाज व देश को एक नई दिशा की ओर ले जाने की आवश्यकता है।
शाम के सत्र में स्वयंसेविकाओं ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर रैली निकालते हुए समाज को जागरूक किया। कैंप का आयोजन एनएसएस प्रोग्राम अफसर डॉ. सविता दहिया के निर्देशन में किया जा रहा है। इस अवसर पर डॉ. मंजीत गहलावत व स्टाफ के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।