फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत: बहालगढ़ में ईरानी महिला कबड्डी टीम ने जमकर बहाया पसीना, भारतीय खिलाड़ियों के साथ किया अभ्यास

Thu, 20 Aug 2026 10:25 PM IST
मयूर शर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत

सार

अभ्यास शिविर के दौरान भारतीय महिला टीम और स्थानीय टीमों के साथ कई अभ्यास मुकाबले खेले। इससे ईरानी खिलाड़ियों को भारतीय परिस्थितियों में खुद को ढालने और रणनीति परखने का मौका मिला।
विज्ञापन
भारतीय खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करती ईरानी टीम - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एशियाई खेलों की तैयारियों के लिए ईरान की राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम ने बहालगढ़ स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में अभ्यास किया। सप्ताहिक अभ्यास शिविर के दौरान भारतीय महिला टीम और स्थानीय टीमों के साथ कई अभ्यास मुकाबले खेले। इससे ईरानी खिलाड़ियों को भारतीय परिस्थितियों में खुद को ढालने और रणनीति परखने का मौका मिला। वहीं युवा भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीम के खिलाफ खेलने का अनुभव मिला।

विज्ञापन


ईरानी कोच और खिलाड़ियों ने की सराहना

ईरानी टीम करीब एक सप्ताह पहले सोनीपत पहुंची थी। शिविर में दोनों देशों की खिलाड़ियों ने एक-दूसरे की खेल शैली, रणनीति, फिटनेस और तकनीक को समझा। ईरान के मुख्य कोच घोलमरेजा माजंदरानी ने शिविर को टीम के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि पिछली एशियाई खेलों की टीम की तुलना में इस बार 80 प्रतिशत से अधिक बदलाव हुआ है। ऐसे में अभ्यास मुकाबले खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीम की रणनीति को मजबूत करने में मददगार रहे।

ईरानी खिलाड़ी जहरा करीमी ने साई परिसर की सुविधाओं और माहौल की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत में खिलाड़ियों और टीमों की विविधता के कारण अलग-अलग खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का अवसर मिलता है। ईरानी कोच ने भविष्य में ऐसे अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर लंबे समय तक जारी रखने की इच्छा जताई।

भारत में कबड्डी का बड़ा आधार

ईरान के कोच ने भारतीय कबड्डी की गहराई की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुरुष और महिला वर्ग को मिलाकर करीब तीन से चार हजार कबड्डी खिलाड़ी हैं जबकि भारत में खिलाड़ियों की संख्या लाखों में है। भारत में एक खिलाड़ी किशोर, जूनियर या सीनियर स्तर पर साल में 50-60 तक मुकाबले खेल सकता है। इससे खिलाड़ियों के कौशल और मैच अनुभव में तेजी से सुधार होता है।

युवा भारतीय खिलाड़ियों को मिला अंतरराष्ट्रीय अनुभव

भारतीय महिला कबड्डी टीम के कोच नवीन कुमार ने कहा कि ईरान के खिलाफ अभ्यास मुकाबले युवा खिलाड़ियों के लिए उपयोगी रहे। कई खिलाड़ी जूनियर स्तर की हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की ताकत, फिटनेस और खेल शैली समझने का मौका मिला। ईरानी टीम में तीन एशियाई खेलों में हिस्सा ले चुकी खिलाड़ी भी शामिल थीं।

19 सितंबर से शुरू होंगे एशियाई खेल

20वें एशियाई खेलों का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक जापान के आइची प्रांत और नागोया शहर में होगा। ईरानी टीम इसी प्रतियोगिता की तैयारी के तहत सोनीपत में अभ्यास कर रही थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें