लोगों ने दो प्रधान होने के चलते क्षेत्र में दहिया खाप पर उठने वाले सवालों पर नाराजगी जताई। पंचायत सदस्यों ने कहा कि खाप प्रधान का फैसला गांव करें, न कि प्रधान अपनी-अपनी पंचायत बुलाकर अपने फैसले खाप पर थोपने का काम करे, यह गलत है।
हरियाणा में दहिया खाप के दो प्रधान होने को लेकर कई वर्ष से चले आ रहे विवाद का जल्द निपटारा हो सकता है। जल्द ही दहिया खाप को एक प्रधान मिल सकता है। दहिया खाप के एक प्रधान महावीर दहिया जहां बीते दिनों हुई पंचायत में त्यागपत्र दे चुके हैं, जिसे अभी स्वीकार नहीं किया गया है और रविवार को फिर पंचायत होनी है। वहीं शनिवार को गांव सिसाना में दहिया खाप के चबूतरे पर हुई पंचायत में दूसरे प्रधान सुरेंद्र दहिया ने भी 24 अप्रैल को पंचायत कर त्यागपत्र देने का एलान कर दिया है।
विज्ञापन
पंचायत में खाप के दो प्रधानों को लेकर पंचायत सदस्यों ने अपने पक्ष रखे और दो प्रधान होने के चलते क्षेत्र में दहिया खाप पर उठने वाले सवालों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दहिया खाप के दो प्रधान होने के चलते लगातार उन्हें लोगों के सवालों का जवाब देना पड़ रहा है, इससे अच्छा होगा कि सिसाना गांव में जो दो पंचायतें हैं, उनके उम्रदराज सरपंच को ही दहिया खाप का प्रधान समझा जाए। इससे उसका कार्यकाल भी अपने आप ही पांच वर्ष तक चलता रहेगा। ऐसा नहीं है तो उपायुक्त के पास बताया जाए कि दहिया खाप के प्रधान का फैसला वोट डलवाकर करवाया जाए।
पंचायत सदस्यों ने कहा कि खाप प्रधान का फैसला गांव करें, न कि प्रधान अपनी-अपनी पंचायत बुलाकर अपने फैसले खाप पर थोपने का काम करे, यह गलत है। इस दौरान गांव की धर्मार्थ गोशाला को लेकर मुद्दा उठा तो हंगामा शुरू हो गया।
आज दूसरे पक्ष की तरफ से बुलाई गई पंचायत
गोशाला समिति के सदस्यों पर राजनीति करने के आरोप लगने लगे और पंचायत में आस्था की प्रतीक गोशाला को राजनीति से परे रखने की बात सख्ती से रखी गई और पंचायत में इस मुद्दे पर चर्चा शुरू करने पर लोगों ने एतराज जताया। इसके बाद फिर से मुद्दा दहिया खाप के दो प्रधान को लेकर शुरू हो गया।
विज्ञापन
ऐसे में खाप प्रधान सुरेंद्र दहिया ने कहा कि 24 अप्रैल को वह खाप के चबूतरे पर पंचायत के समक्ष अपना त्यागपत्र देंगे। इसके बाद पंचायत खत्म हो गई, जबकि रविवार को चबूतरे पर दूसरे पक्ष की तरफ से भी पंचायत बुलाई गई है। पंचायत में पूर्व सरपंच कृष्ण, पूर्व सरपंच कुलदीप, प्रधान रणबीर छिन्नौली, पूर्व सरपंच प्रमोद, आनंद गढ़ी सिसाना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।