फोटो 02: सोनीपत के गाेहाना में विश्वकर्मा चौक पर लाखनमाजरा सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ कर
सोनीपत। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शुक्रवार को सुबह विश्वकर्मा चौक पर जिले की सीमा तक गोहाना-लाखनमाजरा सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया। लोक निर्माण विभाग की ओर से गोहाना से जिले की सीमा तक सड़क को सुदृढ़ करने के लिए 6.17 करोड़ रुपये खर्च किया जाएंगे।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सड़क के सुदृढ़ होने के बाद हजारों वाहन चालकों के साथ ठसका, गुढ़ा, आहुलाना, मदीना, भंडेरी, कथूरा समेत 10 से ज्यादा गांवों के ग्रामीणों विशेषकर किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
इसी मार्ग पर गांव आहुलाना में चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल स्थित है, जिसके चलते पेराई सत्र में गन्ने की ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी-लंबी लाइन लग जाती है। इसके कारण महम रोड पर वाहनों का दबाव रहता है।
यहां हादसों की आशंका बनी रहती है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि इसी प्रकार गोहाना से जुलाना सड़क के निर्माण के लिए जिला की सीमा तक 27 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए शीघ्र टेंडर लगाए जाएंगे।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से विधानसभा क्षेत्र में 18 करोड़ रुपये से 18 सड़कों का निर्माण करवाया गया है, जबकि 16 सड़कों का निर्माण जारी है। यही नहीं स्पेशल रिपेयर योजना में छह महीने में 6 करोड़ रुपये की लागत से 9 सड़कों का निर्माण पूरा करवाया जाएगा।
इस दौरान भाजपा गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रशांत कौशिक भी मौजूद रहे।