संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां के उन्नत भारत अभियान के तहत गांव खानपुर कलां में मंगलवार को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से की गई। कुलसचिव प्रो. शिवालिक यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि अच्छी सेहत के लिए लोगों को जागरूक रहना जरूरी है। इस साल की थीम टुगेदर फॉर हेल्थ, स्टैंड विथ साइंस पर भी उन्होंने प्रकाश डाला।
रैली के दौरान छात्राओं ने एनीमिया की रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके साथ ही पीएचडी और बीएएमएस की छात्राओं ने मातृ स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण और टाइफाइड जैसी बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता इंस्टीट्यूट ऑफ हायर लर्निंग की प्राचार्य डॉ. सुषमा जोशी ने की। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली में स्वास्थ्य का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को रक्तदान के महत्व के बारे में भी जानकारी दी और इस विषय पर एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।
विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा और एम्स भुवनेश्वर में डाइटिशियन मोनिका सिंह ने लाइफस्टाइल बीमारियों पर व्याख्यान दिया। उन्होंने मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी बीमारियों के कारण और बचाव के उपाय बताए।