सोनीपत। गुहणा गांव में एक किसान ने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। साढ़े चार लाख रुपये के लेनदेन को लेकर किसान का दोस्तों से विवाद चल रहा था। हताश होकर किसान ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली।
इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव गुहणा के रोहतास ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे प्रवीन (33) खेतीबाड़ी का काम करते थे।
प्रवीन का गांव खिजरपुर जट माजरा के रामकरण के साथ रुपयों का लेनदेन है। रामकरण और उसके दो अन्य साथियों ने साढ़े चार लाख रुपये लिए थे। दो साल बाद भी बेटे के रुपये वापस नहीं दिए। रुपये मांगने पर आरोपी धमकी दे रहे थे।
इसके चलते प्रवीन मानसिक रूप से परेशान थे। वह खेत में पहुंचे तो बेटे का फंदे पर शव लटका मिला। थाना मोहाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मोहाना थाना प्रभारी मोहन कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साढ़े चार लाख रुपये के लेनदेन की बात सामने आई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।