सोनीपत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की तरफ से चल रही परीक्षाओं के दूसरे दिन सोमवार को 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने हिंदुस्तानी संगीत व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने शारीरिक शिक्षा विषय का पेपर दिया। वैकल्पिक विषय होने के कारण दोनों कक्षाओं में पेपर देने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम रही। जिले में बनाए गए 30 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के पेपर का समय दो घंटे निर्धारित किया गया था। हालांकि आसान विषय होने के कारण जो विद्यार्थी पेपर देने पहुंचे थे, उन्होंने निर्धारित समय से पहले ही पेपर पूरा कर लिया था। वहीं दूसरी तरफ 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों का पेपर सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ। विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। सुबह 10 बजे परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थियों का प्रवेश बंद कर दिया गया था। विद्यार्थी निर्धारित तीन घंटे का पेपर देकर दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्र से बाहर निकले तो उनके चेहरे खिले हुए थे।
तैयारी के अनुरूप आया था पेपर
विद्यार्थियों ने कहा कि उन्होंने जैसी तैयारी की थी, पेपर भी उसी के अनुरूप आया हुआ था। कुछ विद्यार्थियों ने कहा कि पेपर बेहद आसान था, जिसे उन्होंने निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लिया था। शेष समय में उन्होंने पेपर व उत्तर पुस्तिका का मिलान किया। विद्यार्थियों ने कहा कि वह अब अगले पेपर की तैयारी करेंगे।
आज इन विषयों का पेपर देंगे विद्यार्थी
बोर्ड परीक्षा के तहत मंगलवार को 10वीं कक्षा के विद्यार्थी कृषि, ब्यूटी एंड वेलनेस, डाटा साइंस सहित अन्य वैकल्पिक विषयों का पेपर देंगे। जबकि 12वीं कक्षा के विद्यार्थी हिंदुस्तानी संगीत, मल्टी मीडिया, ऑटोमोटिव, हेल्थ केयर, डाटा साइंस व इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर विषय का पेपर देंगे।
-बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन दोनों कक्षाओं का वैकल्पिक विषयों का पेपर हुआ। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में पेपर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है।
प्रेम कुमार ओझा, जिला समन्वयक, सीबीएसई, सोनीपत