फोटो 33: सोनीपत के जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन व अन्य अधिकारियों को निर्देश
सोनीपत। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप ने जिला नागरिक अस्पताल में सोमवार दोपहर बाद औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन व ओपीडी परिसर की जांच की। आपातकालीन में तैनात चिकित्सक व स्टाफ कर्मचारियों को आदेश दिया कि समय-समय पर वार्ड में मरीजों की जांच करें। अस्पताल में भर्ती किए जाने वाले डेंगू व मलेरिया संक्रमित लोगों की दिन में तीन से चार बार जांच के आदेश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप ने कहा कि डेंगू व मलेरिया संक्रमित के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। जिस भी मरीज को रक्त की जरूरत है, उन्हें रक्त मुहैया करवाया जाए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सोनीपत नागरिक अस्पताल में मॉडल टीबी सेंटर के लिए स्थान चुनने के आदेश दिए। टीबी मॉडल सेंटर में टीबी मरीजों के लिए वार्ड के साथ अन्य सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी। टीबी मॉडल सेंटर टीबी के मरीजों के लिए काफी फायदेमंद होगा। उसमें टीबी जांच से संबंधित सभी उपकरण रखे जाएंगे। ओपीडी में निरीक्षण के साथ सफाई व्यवस्था की जांच की और वार्डों में भर्ती मरीजों का हाल चाल जाना।
पानीपत के सिविल सर्जन ने संभाला कार्यभार
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर 30 अक्तूबर को सेवानिवृत्त हो गए थे। उसके बाद से सिविल सर्जन का पद खाली था। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने पानीपत के सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा को सोनीपत का अतिरिक्त कार्यभार दिया है। पानीपत के सिविल सर्जन ने सोमवार दोपहर कार्यालय में पहुंचकर अतिरिक्त कार्यभार संभाला। उन्होंने उप सिविल सर्जन व अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उप सिविल सर्जन डॉ. तरुण यादव, डॉ. अनीता सहारण, डॉ. योगेश गोयल, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप लठवाल, डॉ. गिन्नी लांबा भी मौजूद रहे।