गांव नाहरा के पास नहर की पटरी पर मिले युवक के शव की शनाख्त के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान पर हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दिल्ली का रहना वाला युवक 14 जून को घर से निकला था। वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया था।
अब शव मिलने का पता लगने पर उन्होंने पहचान कर मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी। कुंडली थाना पुलिस को 15 जून को गांव नाहरा के पास डबल नहर पुल के निकट पटरी पर एक युवक का शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद शनाख्त नहीं होने पर 16 जून को पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके थे। पुलिस ने शव का विसरा जांच के लिए मधुबन भेज दिया था। अब युवक के शव की शनाख्त दिल्ली के नजफगढ़ के गांव नंगली सकरवती के संदीप (34) के रूप में हुई है। संदीप के पिता श्रीओम ने कुंडली थाने में उसकी हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि उसके बेटे की हत्या के बाद शव को यहां फेंका गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
14 जून को स्विफ्ट कार लेकर घर से निकला था संदीप
संदीप के पिता श्रीओम ने बताया चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा संदीप 14 जून की शाम स्विफ्ट कार लेकर घर से सोनीपत जाने के लिए निकला था। उसके बाद वह वापस नहीं आया। फोन भी बंद आने लगा। उन्होंने 15 जून को नजफगढ़ थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा दी थी।
15 जून को बहादुरगढ़ में मिली कार, सोनीपत में शव
परिजनों का कहना है कि वह उसकी तलाश करते हुए 15 जून को उसके बेटे की कार झज्जर के गांव सांखौल के पास बराही रोड पर खड़ी मिली थी। कार लॉक थी। जिस पर उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी थी, जिस पर सेक्टर-6 बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने कार कब्जे में ले ली थी। कार बहादुरगढ़ थाने में खड़ी की थी। बाद में पता लगा कि इसी दिन सोनीपत में संदीप का शव पुलिस ने बरामद कर लिया था।
तलाश करते हुए नाहरा के पास पहुंचे तो शव मिलने का पता लगा
जब वह बेटे को तलाश करते हुए सोनीपत में नाहरा डबल नहर पुल पर पहुंचे तो वहां पर सिंचाई विभाग के कर्मचारी ने एक युवक का शव मिलने की बात कही। जिस पर वह बारोटा चौकी में पहुंचे और शव के फोटो व कपड़े देखे, जिसके बाद वह सामान्य अस्पताल में पहुंचे और शव की पहचान संदीप के रूप में की। पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। संदीप के पिता ने बताया कि उसके पास एक बेटा व एक बेटी हैं। दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
वर्जन
युवक का शव नहर की पटरी पर अंदर की तरफ मिला था। शनाख्त के बाद परिजनों के बयान पर हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज किया है। विसरा रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
- रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।