बस अड्डा की दीवार के साथ गुजर रही ड्रेन नंबर-6 सोमवार को ओवरफ्लो हो गई। ड्रेन का दूषित पानी बस अड्डा परिसर में भर गया। जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्रियों को बस अड्डा परिसर में भरे पानी के बीच से गुजरते हुए बसों तक पहुंचना पड़ा। बस अड्डा परिसर में ड्रेन का पानी भरने से बिगड़ी व्यवस्था को देखते हुए रोडवेज डिपो महाप्रबंधक राहुल जैन ने नगर निगम अधिकारियों को ड्रेन की सफाई कराने व बस अड्डा परिसर में भरे पानी की निकासी के लिए लिखा है।
बस अड्डा परिसर से पानी की निकासी ड्रेन नंबर-6 में की गई है। इसके लिए पाइप लाइन दबाई हुई है। ड्रेन को पक्का करने व ड्रेन के साथ सीवर की पाइप लाइन दबाने का काम चल रहा है। जिस कारण ड्रेन नंबर-6 में जगह-जगह अवरोधक लगाए गए हैं। पानी निकासी के लिए अलग से रास्ता बनाया गया है। ड्रेन की सफाई ठीक प्रकार से न होने के कारण पानी निकासी का रास्ता भी अवरुद्ध हो गया। जिससे ड्रेन ओवरफ्लो हो गई और बस अड्डा परिसर से पानी निकासी के लिए दबाए गए पाइप के रास्ते ड्रेन का पानी बस अड्डा परिसर में भर गया। रोडवेज अधिकारियों ने भी इसको लेकर शुरुआत में गंभीरता नहीं दिखाई। जिस कारण बस अड्डा परिसर में ड्रेन का पानी कार्यशाला व गेट तक भर गया। जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। यात्रियों को दूषित पानी से गुजरते हुए बस तक पहुंचना पड़ा। स्थिति बिगड़ती देख महाप्रबंधक ने इस नगर निगम अधिकारियों को पानी निकासी का प्रबंध करने के लिए लिखा।
प्रतिदिन करीब 8 हजार लोग करते हैं आवागमन
सोनीपत बस अड्डा परिसर में विभिन्न स्थानों पर जाने के लिए प्रतिदिन करीब 8 हजार यात्री पहुंचते हैं। बस अड्डा परिसर में ड्रेन का पानी भरा होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्रियों को गंदे पानी के बीच से गुजरकर बसों में सवार होना पड़ा। वहीं रोडवेज कर्मचारी व वर्कशॉप में कार्यरत कर्मचारियों को भी परेशानियां झेलनी पड़ी। जिसे देखते हुए हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के डिपो प्रधान रणबीर सिंह, उपप्रधान संजय, सचिव नवीन राणा व अन्य कर्मचारियों ने महाप्रबंधक राहुल जैन से पानी निकासी का प्रबंध करवाने की मांग की।
गंदगी के अटी है ड्रेन
ड्रेन नंबर-6 गंदगी से अटी हुई है। मानसून अभी पूरी तरह सक्रिय भी नहीं है। उसके बावजूद ड्रेन ओवरफ्लो हो रही है। अगर बारिश आती है तो स्थिति और ज्यादा खराब हो सकती है। लोगों का कहना है कि मानसून को देखते हुए ड्रेन में सफाई करवाई गई थी। कचरा निकालकर ड्रेन के किनारे ही डाल दिया गया था। बारिश आने के बाद कचरा दोबारा ड्रेन में चला गया, जो अब पानी निकासी में अवरोधक का काम कर रहा है। लोगों ने ड्रेन की सफाई करवाने व पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
ड्रेन नंबर-6 ओवरफ्लो होने से बस अड्डा परिसर में पानी भर गया था। जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। ड्रेन की सफाई व पानी निकासी को लेकर नगर निगम अधिकारियों से बातचीत की गई है। समस्या का जल्द समाधान करवा दिया जाएगा। -राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो, सोनीपत।
ड्रेन को पक्का करने व ड्रेन के साथ सीवर लाइन दबाने का काम किया जा रहा था। इसके लिए जगह-जगह बंद लगाए गए थे। बारिश की वजह से ड्रेन को पक्का करने का काम रोक दिया गया है। पानी निकासी के लिए ड्रेन में लगाए गए बंद खोल दिए गए हैं। ताकि जलभराव की समस्या पैदा न हो। बस अड्डे में भरे पानी को भी निकलवा दिया गया है। -राहुल पूनिया, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, सोनीपत।
बस अड्डे में भरे पानी में खड़ी रोडवेज बस व गुजरता बाइक सवार। संवाद- फोटो : Sonipat
ड्रेन नंबर-6 के ओवरफ्लो होने के कारण बस अड्डे में भरा दूषित पानी। संवाद- फोटो : Sonipat