सोनीपत। पढ़े-बढ़े ट्रस्ट, सोनीपत शाखा की ओर से रविवार को श्रीमद्भागवद्गीता अध्याय 12- भक्ति योग पर आधारित ऑनलाइन श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, संस्कृत भाषा तथा श्रीमद्भगवद्गीता के प्रति श्रद्धा एवं जागरूकता विकसित करना था।
विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास एवं शुद्ध उच्चारण के साथ श्लोकों का सुंदर प्रस्तुतीकरण किया। जिसमें देश के विभिन्न शहरों लखनऊ, गुजरात, सूरत, पुणे, चंडीगढ़, बंगलूरू, सोनीपत, अयोध्या सभी स्थानों के बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेताओं को पढ़े-बढ़े ट्रस्ट की ओर से उपहार एवं प्रशस्ति प्रमाणपत्र और प्रतिभागियों को प्रशस्ति प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। अध्यक्ष नंदिनी नाथ ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन एवं आध्यात्मिक चेतना का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भविष्य में भी ट्रस्ट की तरफ से शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े अनेक रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।