सोनीपत। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी अधिवक्ता देवेंद्र गौतम के समर्थन में सोनीपत बार एसोसिएशन ने वीरवार को भी वर्क सस्पेंड रखा। इसके चलते अदालतों में कामकाज नहीं हो सका। वकीलों की हड़ताल से मुवक्किलों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को भी वर्क सस्पेंड रहेगा।
बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने अधिवक्ता देवेंद्र गौतम के खिलाफ गलत तरीके से प्राथमिकी दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर वह वर्क सस्पेंड कर रहे हैं।
अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक देवेंद्र गौतम को न्याय नहीं मिलता तब तक वर्क सस्पेंड जारी रहेगा। प्रधान अनिल ढुल ने बताया कि बार एसोसिएशन वीरवार को हुई बैठक में वर्क सस्पेंड जारी रखने का फैसला लिया। अब शुक्रवार को भी अधिवक्ता काम काज नहीं करेंगे। विभिन्न अदालतों में तारीख पर आए मुवक्किलों को वापस लौटना पड़ा।