सोनीपत। किस्त जमा न कराने पर जब्त की गई कार को मारपीट कर लूटने के मामले में क्राइम यूनिट गन्नौर ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव घसौली निवासी प्रशांत है। उसे अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव खेड़ी दमकन निवासी सुरेंद्र ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि एचडीबी फाइनेंस सर्विस से लोन लेकर एक कार खरीदी थी। जिसकी किस्त जमा नहीं कराई जा रही थी। कार मालिक गांव घसौली की ललतेश पर 3.10 लाख रुपये बकाया है। कोर्ट ने सेक्शन-9 के तहत गाड़ी की रिकवरी के आदेश जारी किए थे। 8 जनवरी को उन्हें सूचना मिली कि कार बहालगढ में ऑटो मोबाइल के पास खड़ी है। इसके बाद मैनेजर जगबीर, अन्य तथा वह थाना बहालगढ़ पुलिस की मदद से कार को रिकवर कर ले आए थे। जब कार लेकर वह यार्ड के लिए निकले तो कुमासपुर फ्लाईओवर के पास ललतेश के पति राजेश अपने साथ 5-10 कारों में 30-40 युवकों को लेकर आ गया। यह सभी लाठी-डंडे लेकर आए थे। उनकी पिटाई करके आरोपी कार को छीनकर भाग गए थे। पुलिस ने लूट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया था।