गोहाना। सीआईए स्टाफ गोहाना की टीम ने जेल ब्रेक कांड में नामजद रहे प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। प्रॉपर्टी डीलर का काम करने वाला अतेंद्र उर्फ चुन्नू फिलहाल हत्या के प्रयास के मामले में जमानत पर था। पुलिस टीम अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए आरोपी राहुल से रिमांड अवधि में पूछताछ कर रही है।
गांव किलोहड़द निवासी अतेंद्र उर्फ चून्नू गोहाना में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। उसकी 20 नवंबर की शाम को गोहाना से वापस गांव जाते समय हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अतेंद्र की मां के बयान पर मोहाना थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस मामले की जांच करते हुए सीआईए स्टाफ गोहाना की टीम ने शनिवार को ढुराना निवासी राहुल को गिरफ्तार किया था। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मुंडलाना निवासी दिनेश के कहने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं दिनेश की गिरफ्तारी के बाद हत्या के कारणों का पता लग सकेगा।