सोनीपत। हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड में गिरफ्तार मनोज उर्फ फिल्मी व सचिन के तार लॉरेंस गैंग से जुड़े हुए थे। दोनों आरोपी गैंग से जुड़े अनिल पंडित के संपर्क में थे। पुलिस जांच में गैंग से जुड़ने के बाद दोनों की ओर से आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आई हैं। इस आधार पर दोनों आरोपियों को संगठित अपराध की धारा में भी नामजद किया गया है।
एसटीएफ सोनीपत को शनिवार देर रात आरोपियों के गाड़ी में सवार होकर सोनीपत की तरफ आने की सूचना मिली थी। इसके बाद नेशनल हाईवे-44 स्थित भिगान फ्लाईओवर पर नाकाबंदी कर उनकी गाड़ी को घेर लिया था।
एसटीएफ को सामने देखते ही हिसार के गांव बहबलपुर निवासी मनोज उर्फ फिल्मी ने गाड़ी से निकलकर फ्लाईओवर से करीब 13 फीट नीचे छलांग लगा दी। इस कारण उसे गंभीर चोटें आईं थी। वहीं सोनीपत के कबीरपुर निवासी सचिन को गिरफ्तार कर लिया था।
एसटीएफ की जांच में आरोपियों के संपर्कों और गतिविधियों को खंगालने के दौरान उनका लॉरेंस गैंग से कनेक्शन सामने आया। एसटीएफ ने दोनों के गैंग से जुड़े नेटवर्क और पूर्व में की गई वारदातों की भी जानकारी जुटा रही है। अब एसटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी गैंग के किन सदस्यों के संपर्क में थे और उनके माध्यम से किन-किन वारदातों को अंजाम दिया गया।
नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी एसटीएफ : टीम आरोपियों के मोबाइल संपर्क, पुराने आपराधिक मामलों और गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि मनोज और सचिन को गैंग से किसने जोड़ा, वे किन लोगों के संपर्क में थे और किन वारदातों में उनकी भूमिका रही है।