गन्नौर। दिल्ली-पानीपत रेलवे लाइन पर मंगलवार शाम अगवानपुर फाटक के पास वंदे भारत ट्रेन से बाइक टकराने की घटना में आरोपी की पहचान हो गई है। बाइक की नंबर प्लेट के आधार पर जीआरपी ने उसे नीरज निवासी गांव भंडेरी, गोहाना के रूप में चिह्नित किया है।
जीआरपी का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घटना के बाद बुधवार को जीआरपी चौकी प्रभारी नरेश कुमारी ने अगवानपुर फाटक का दौरा किया। उन्होंने पाया कि तीन स्थानों से दोपहिया वाहन चालक फाटक बंद होने के बावजूद ट्रैक पार कर रहे थे।
उन्होंने स्टेशन मास्टर को पत्र लिखकर इन सभी रास्तों को पूरी तरह से बंद करने की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके। मंगलवार की शाम पटरी पार करते समय एक युवक ने वंदे भारत ट्रेन को नजदीक आते देख बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान तो बचा ली थी मगर ट्रेन बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई थी।