सोनीपत। शहर के पुरखास रोड पर दुकानदार से पांच हजार रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। साथ ही रंगदारी नहीं देने पर चाकू मारने की धमकी दी गई। पीड़ित दुकानदार ने मामले की शिकायत सीएम व डीजीपी कार्यालय में दी थी। जिसके बाद मामले की जांच ओल्ड चौकी पुलिस को मिली। पुलिस ने दुकानदार के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। दो संदिग्ध सीसीटीवी में कैद हुए हैं। पुलिस उनके बारे में पता लगा रहा है, जिससे यह पता चल सके कि रंगदारी मांगने में वह दोनों तो नहीं है।
ज्ञान नगर के रहने वाले सोहन लाल ने ओल्ड चौकी पुलिस को बताया कि उनकी पुरखास अड्डे के पास शिवम स्टोर के नाम से दुकान है। वह 18 जून की शाम को अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान उसकी दुकान के बाहर एक सेंट्रो कार आकर रुकी थी। कार से एक युवक उतर कर आया था। उसने कहा था कि साहब गाड़ी में बैठे हैं। अगर मार्केट में दुकान चलानी है तो पांच हजार रुपये रंगदारी देनी होगी। जिस पर उसने विरोध कर दिया था। बाद में सेंट्रो कार से एक अन्य युवक उतर कर आया था। उसने भी हफ्ता देने की मांग की। साथ ही रंगदारी नहीं देने पर धमकी दी थी कि सात इंच का छुरा अंदर उतार देगा। विरोध करने पर दोनों वहां से चले गए थे। जिस पर उसने मामले की शिकायत सीएम व डीजीपी कार्यालय में भेजी थी। सीएम कार्यालय से मामले की जांच ओल्ड चौकी पुलिस को भेजी गई। ओल्ड चौकी पुलिस ने दुकानदार के बयान दर्ज कर रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी में दिख रहे संदिग्ध
दुकानदार ने पुलिस को मामले से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी दी है। जिसमें दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं। इसमें पहले एक दुकान पर आता और उसके बाद दूसरा भी आता दिखाई दे रहा है। दुकानदार का आरोप है कि उन्होंने उसे धमकी दी थी। दुकानदार ने मामले में कार्रवाई कर संदिग्धों का जल्द पता लगाकर गिरफ्तार करने की मांग की है।
वर्जन
दुकानदार ने रंगदारी मांगने की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों का पता लगाया जा रहा है। जल्द मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
रामकुमार, चौकी प्रभारी ओल्ड चौकी सोनीपत।