सोनीपत। औद्योगिक क्षेत्र स्थित घास के खेल मैदान पर चल रहे वुमन हॉकी सीरीज में मंगलवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में टीम ईगल ने टीम मस्तांग को 2-1 से हराया जबकि दूसरे मैच में टीम बुल्स ने टीम वॉरियर्स को 1-0 से शिकस्त दी। इस दौरान राई विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी और जजपा नेता बिजेंद्र आंतिल मुख्य अतिथि रहे।
उन्होंने जीतने वाली दोनों टीमों को बधाई देते हुए कहा कि मैच में हार-जीत लगी रहती है। हारने वाले को कभी हौसला नहीं खोना चाहिए। इससे सबक लेते हुए उसे और ज्यादा मेहनत करनी चाहिए। सफलता जरूर मिलेगी। विशिष्ट अतिथि अजित आंतिल ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अनिल धीमान, अनिल डबास, अरविंद कुमार, प्रेम प्रकाश, जितेंद्र व खेल प्रेमी, अभिभावक व खिलाड़ी मौजूद रहे।