खरखौदा। गांव खांडा में अपने जीजा के चचेरे भाई की तेजधार हथियार से हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस उससे वारदात में प्रयुक्त हथियार को बरामद करेगी।
शनिवार सुबह गांव खांडा से सिलाना मार्ग पर गांव खांडा के सतपाल (32) का शव मिला था। परिजनों ने बताया था कि सतपाल रात को करीब आठ बजे अपने चचेरे भाई के साले दिल्ली के गांव दरियापुर निवासी रिंकू के साथ गया था। जिसके बाद नहीं लौटा। पुलिस ने सतपाल के भतीजे बंटी के बयान पर उसके रिश्ते में मामा रिंकू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। सीआईए खरखौदा की टीम ने आरोपी रिंकू को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी ने बताया था कि पांच वर्ष पहले मृतक सतपाल व उसकी बहन की शादी के लिए रिश्ते की बात चली थी। उसने रिश्ता नहीं होने दिया था तो उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके चलते वह सतपाल से रंजिश रखता था। सीआईए खरखौदा प्रभारी इंस्पेक्टर योगेंद्र ने बताया कि आरोपी रिंकू को एक दिन के रिमांड पर लिया है। उससे हथियार बरामद करने के साथ ही अन्य की संलिप्तता के बारे में पता लगाया जाएगा।