सर्वश्रेष्ठ माता प्रतियागिता के पुरस्कार वितरण समारोह में माताओं को सम्मानित करती अतिथि। स्रोत
गोहाना। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में वर्ष 2025-26 की ब्लॉक स्तरीय सर्वश्रेष्ठ माता प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें स्वाती ने प्रथम पुरस्कार पाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशीला देवी ने की।
सुशीला देवी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की ओर से यह प्रतियोगिता माताओं को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सही देखभाल के प्रति जागरूक करने के लिए करवाई जाती है। उन्होंने बताया कि पहले यह प्रतियोगिता सर्कल स्तर पर हुई थी जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाली माताओं ने ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया। अलग-अलग स्तर पर करीब 200 माताओं ने इसमें हिस्सा लिया।
ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता में तमन्ना दूसरे और पिंकी तीसरे स्थान पर रही। विजेता माताओं को डॉक्टर किरण भट्टी और परियोजना अधिकारी सुशीला देवी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मौजूद माताओं को विभाग की योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
साथ ही बच्चों के टीकाकरण, पोषणयुक्त आहार और स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी बातों के बारे में बताया गया। इस दौरान सभी को कन्या भ्रूण हत्या न करवाने की शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर सुपरवाइजर इन्द्रावती, पूनम, नीलम, प्रवीण मोर, विकास नरवाल, आकाश जिंदल, अन्नू, राजेश कुमार सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।