गन्नौर। किर्गिस्तान के बिश्केक में 6 से 12 अप्रैल तक आयोजित की जा रही सीनियर एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में अर्जुन अवॉर्डी पहलवान सुनील कुमार ने कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। डबरपुर गांव निवासी सुनील कुमार ने 87 किलो ग्रीको-रोमन में यह जीत दर्ज की।
सुनील कुमार की इस उपलब्धि से उनके गांव डबरपुर में खुशी की लहर है। परिवार के लोगों ने पूरे गांव में जश्न मनाया। मां अनीता देवी और भाई सुमित कुमार ने सुनील कुमार के प्रदर्शन पर खुशी मनाई और अगली प्रतियोगिता में उसके स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद जताई।
रेलवे कुश्ती कोच एवं अर्जुन अवॉर्डी कृपाशंकर बिश्नोई के अनुसार सुनील कुमार अब तक सीनियर एशियाई चैंपियनशिप में छह पदक जीत चुके हैं। इनमें एक स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं।