गोहाना। निजामपुर में एक किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। उसके बेटे ने गोहाना के आढ़ती पर फसल का हिसाब न करने और गिरवी जमीन की खरीद फरोख्त नहीं करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही पांच ग्रामीणों पर पैसे लेकर वापस नहीं देने के अलावा पिता से मारपीट करके आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। बरोदा थाना पुलिस ने उसके बयान पर आढ़ती समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव निजामपुर निवासी सुमित ने बताया कि गांव के संदीप, शमशेर, रमेश, पाला व अमित उर्फ पाला ने उसके पिता जोगेंद्र (50) से पैसे उधार ले रखते थे। उनके वापस मांगने पर वह उसके साथ मारपीट करते थे। इसके अलावा गोहाना की अनाज मंडी के आढ़ती सुभाष के पास उसके पिता ने अपनी जमीन गिरवी रखकर पैसे उधार लिए हुए थे। आढ़ती फसल डलवा लेता था, लेकिन हिसाब नहीं करता था। वह गिरवी रखी जमीन न खुद खरीदता था, न किसी दूसरे को खरीदने देता था। सुमित के अनुसार इन सब कारणों से उसके पिता परेशान रहते थे। इसी के चलते उन्होंने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। सुमित की शिकायत पर थाना बरोदा पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।