गोहाना। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत अतिरिक्त उपायुक्त एवं 32-गोहाना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अजय चोपड़ा ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 14 जुलाई से पहले अपना एन्यूमरेशन फार्म संबंधित बीएलओ को जमा कराएं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है।
एडीसी ने गोहाना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर फार्म संग्रह और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करने और दस्तावेजों का सत्यापन गंभीरता से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि तय समय सीमा में कार्य पूरा किया जाए। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।