सोनीपत। प्रदूषण का स्तर लगातार बेहद खराब स्थिति में बना हुआ है। ऐसे में बढ़ते प्रदूषण व जहरीली हो रही हवा के बीच जिला प्रशासन ने बुधवार को प्रदूषण फैलाने वाली अवैध इकाइयों के खिलाफ अभियान चलाया। फिरोजपुर बांगर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) की टीम ने चार अवैध औद्योगिक इकाइयों को सील कर दिया।
टीम ने साथ ही आठ अवैध धातु पिघलाने वाली भटि्ठयों को ध्वस्त कर दिया। दो टन स्क्रैप से भरा वाहन भी जब्त किया है।उपायुक्त सुशील सारवान के निर्देश पर पीसीबी और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की। टीम ने क्षेत्र में संचालित आठ धातु पिघलाने वाली अवैध भटि्ठयों को ध्वस्त कर दिया।
यह दिल्ली क्षेत्र से अवैध तरीके से लाए जा रहे धातु स्क्रैप को पिघलाने का काम कर रही थीं। कार्रवाई के दौरान करीब दो टन अवैध एल्युमीनियम स्क्रैप से भरा एक वाहन भी मौके पर जब्त किया गया, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए डीईटीसी को सौंप दिया गया।
इस विशेष अभियान में एचएसपीसीबी के एसडीओ अनिल कुमार, पुलिस विभाग से एएसआई हरमिंदर और एसपीओ अमरजीत शामिल रहे।
चार अवैध इकाइयां सील
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सोनीपत के क्षेत्रीय अधिकारी अजय मलिक ने बताया कि जिन चार औद्योगिक इकाइयों को सील किया है, उनके खिलाफ अक्तूबर में सीपीसीबी और सीएक्यूएम की संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर बंदी आदेश जारी किए थे। आदेशों के अनुपालन में इन इकाइयों को बुधवार को बंद किया गया।
दिल्ली सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर कड़ा रुख
अजय मलिक ने बताया कि फिरोजपुर बांगर दिल्ली सीमा से सटा क्षेत्र है, जहां अवैध रूप से भटि्ठयों और धातु पिघलाने का कार्य समस्या बना हुआ है। इससे जहरीला धुआं व गैस निकलते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में इस तरह की किसी भी अवैध औद्योगिक गतिविधि की अनुमति नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सभी के स्वास्थ्य के लिए इस तरह की अवैध भटि्ठयों को अपनी जमीन पर नहीं चलने दें। ऐसी इकाइयों से निकलने वाली जहरीली गैसें मनुष्यों के साथ-साथ पौधों और फसलों को भी गंभीर नुकसान पहुंचाती हैं।
रात के समय डाले जाएंगे छापे
अजय मलिक ने कहा कि प्रशासन रात के समय इसी तरह की छापा डालने की कार्रवाई करता रहेगा। साथ ही सीएक्यूएम अधिनियम के तहत इन अवैध इकाइयों का संचालन कराने वाले मजदूरों और मकान मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
फोटो :29: सोनीपत के फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र में भट्ठी को नष्ट करती टीम। स्रोत प्रदूषण
फोटो :29: सोनीपत के फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र में भट्ठी को नष्ट करती टीम। स्रोत प्रदूषण