सहारनपुर-शाहजहांपुर-लखीमपुर और बाराबंकी के ध्यानार्थ--
एसटीएफ ने मादक पदार्थ तस्करी में चार आरोपियों को काबू कर 50 लाख का चूरापोस्त किया बरामद
-बोरियों के अंदर भर ट्रक में लादकर यूपी से लाए थे चूरापोस्त, गन्नौर में करना था सप्लाई
-आरोपियों ने शक से बचने के लिए बोरियों के ऊपर रख रखी थी खाली कैरेट
-एसटीएफ ने देवीलाल पार्क के पास से किया गिरफ्तार, रिमांड पर लेगी टीम
फोटो : 27 : सोनीपत की एसटीएफ टीम द्वारा मादक पदार्थ के साथ पकड़े गए तस्कर।
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। एसटीएफ की सोनीपत इकाई ने जीटी रोड पर देवीलाल पार्क के पास से मादक पदार्थ तस्करी में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोग यूपी के जिला बाराबंकी के गांव जैतपुर का रहने रामलखन, यूपी के जिला बाराबंकी के गांव पलड़ी का रहने वाला मोहम्मद आतिक, यूपी के जिला सहारनपुर का रहने वाला सारून व अली हसन है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1325 किलो चूरापोस्त बरामद किया है। जिसकी कीमत अंरर्राष्ट्रीय बाजार में पचास लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
एसएसपी जश्नदीप सिंह ने बताया कि सोनीपत की एसटीएफ इकाई प्रभारी सतीश देशवाल के नेतृत्व में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि मादक पदार्थ तस्कर ट्रक में मादक पदार्थ लेकर यहां गुजरने वाले हैं। जिस पर टीम ने तुरंत देवीलाल पार्क के पास हाईवे पर नाकाबंदी कर दी। इसी बीच ट्रक सवार तस्कर वहां से गुजरने लगे तो पुलिस ने उन्हें रुकवा लिया। ट्रक के अंदर बोरियां भरकर उन पर प्लास्टिक कैरेट रखी हुई थी। पुलिस ने जब तलाशी ली तो ट्रक के अंदर बोरियों में चूरापोस्त बरामद किया गया। चूरापोस्त तोलने पर 1325 किलो 380 ग्राम मिला। पुलिस ने ट्रक सवार चारों आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों ने अपनी पहचान रामलखन, मोहम्मद आतिक, सारून व अली हसन के रूप में दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। बरामद की गई चूरापोस्त की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
बोरियों पर रखी थी खाली कैरेट, जिससे नहीं हो सका शक
आरोपी मादक पदार्थ को यूपी के लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर से लेकर आए थे। आरोपियों ने ट्रक के अंदर बोरियों में चूरापोस्त भरने के बाद उस पर खाली कैरेट रख दी। जिससे किसी को शक नहीं हो सका। वह यूपी से आसानी से इसे लेकर सोनीपत पहुंच गए। यहां उन्हें एसटीएफ ने दबोच लिया। आरोपियों ने बताया कि वह चूरापोस्त को गन्नौर में सप्लाई करने वाले थे। अब पुलिस उनके बारे में पता लगाएगी जिन्हें यह चूरापोस्त देना था।