फोटो 25- सोनीपत के ककरोई रोड स्थित युद्धवीर अखाड़ा की पहलवान तपस्या बहादुरगढ़ में आयोजित राज्य
सोनीपत। राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में ककरोई रोड स्थित युद्धवीर अखाड़ा की पांच पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया है। लड़कियों के वर्ग में पहलवानों ने प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण सहित पांच पदक जीते हैं। स्वर्ण पदक विजेता पहलवानों का चयन राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
प्रशिक्षक कुलबीर राणा ने बताया कि झज्जर के बहादुरगढ़ स्थित लें. महिपत सिंह शिक्षण संस्थान में 23 से 25 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में अखाड़ा की तपस्या ने 57 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। तपस्या ने फाइनल मुकाबले में चरखी दादरी की रीना को चित्त करके स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने बताया कि आशु ने 55 किलो व साक्षी ने 62 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है। वहीं, दिल्ली राज्य कुश्ती प्रतियोगिता में गांव सेहरी खांडा की बिपाशा ने 72 किलो में स्वर्ण पदक जीता है। सुमन ने राजस्थान कुश्ती प्रतियोगिता में 62 किलो भार वर्ग में प्रतिभागिता करते हुए स्वर्ण पदक जीता। स्वर्ण पदक विजेता पहलवानों का राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। पहलवानों से उम्मीद है कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीतेंगी।
प्रशिक्षक सीमा राणा ने बताया कि बिपाशा ने इसी साल अक्तूबर में हुई सीनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में भी देश का प्रतिनिधित्व किया था। इससे पहले 2021 में हुई जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। सीनियर एशियन रैंकिंग प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया था। अंडर - 23 आयु वर्ग एशियन प्रतियोगिता 2022 में रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया था। वहीं, तपस्या ने इससे पहले इसी साल जुलाई में थाईलैंड में हुई एशियन कुश्ती प्रतियोगिता के अंडर 20 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। तपस्या हरियाणा कुमारी का खिताब भी अपने नाम कर चुकी है। विजेता पहलवानों को युद्धवीर अखाड़ा संचालक पहलवान देवी सिंह, बिट्टू पहलवान, संदीप पहलवान, सुरेश, विकास दहिया, रामहेर खरब व सुनील कुमार ने बधाई दी।