आईआईटी दिल्ली की ओर से आयोजित सोनीपत स्टार्टअप समिट 4.0 को संबोधित करते अतिथि। स्रोत : प्रवक
सोनीपत। अटल इंक्यूबेशन सेंटर आईआईटी दिल्ली की ओर से सोनीपत स्टार्टअप समिट 4.0, इंडस्ट्री एक्सेलरेशन एडिशन का पहला दिन वीरवार को राजीव गांधी एजुकेशन सिटी स्थित आईआईटी दिल्ली टेक्नो पार्क में आयोजित किया गया। उद्घाटन दिवस डीपटेक, स्वदेशी उत्पाद विकास और टियर एक व तीन के उभरते नवाचारों पर केंद्रित रहा।
मुख्य अतिथि हरियाणा सरकार की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार ने कहा कि छोटे शहरों से निकल रहे नवाचार भारत की विकास यात्रा का अगला इंजन बनेंगे।
उद्घाटन सत्र में आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रो. रंजन बनर्जी, डीन प्रो. प्रीति रंजन पांडा, प्रो. सोमनाथ बैद्य रॉय, एफआईआईटी के एमडी डॉ. निखिल अग्रवाल, होंडा इंडिया फाउंडेशन के ट्रस्टी विनय ढींगरा, निफ्टेम के निदेशक डॉ. हरिंदर सिंह ओबरॉय और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के कुलपति अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।
वक्ताओं ने शोध आधारित स्टार्टअप्स, उद्योग अकादमिक सहयोग और स्वदेशी तकनीक को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने पर जोर दिया। समिट में दो स्वदेशी डीपटेक उत्पाद लॉन्च किए गए। समिट में 70–80 स्टार्टअप, 50+ से अधिक उद्योग प्रतिनिधि और 50+ से ज्यादा निवेशक शामिल हुए।
पहले दिन 1,200 से अधिक प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया। सीईओ आलोक पांडेय ने इसे उद्योग स्टार्टअप, सरकार सहयोग की मजबूत शुरुआत बताया। दूसरे दिन पिचिंग, निवेशक संवाद और टेक डेमो होंगे।