हरियाणा के सोनीपत में स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) ने 50 लाख रुपये की नकदी पकड़ी है। कार सवार एक युवक यह रकम लेकर जा रहा था। वह पुलिस को राशि के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं दे पाया, जिस पर पुलिस ने राशि जब्त कर ली।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस विभाग की तरफ से सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। चुनाव आयोग की तरफ से जारी की गई हिदायतों के अनुसार पुलिस नाकेबंदी कर हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है।
विज्ञापन
इसके के तहत पुलिस ने सोनीपत में नाकाबंदी के दौरान स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) ने गोहाना रोड बाईपास से एक वाहन की चेकिंग के दौरान 50 लाख रुपये की नकदी पकड़ी है। एसएसटी के ड्यूटी मजिस्ट्रेट दिलबाग सिंह व सिटी थाना के एएसआई बिजेंद्र ने एक गाड़ी को रुकवाया, बैग की जांच करने पर गाड़ी सवार आनाकानी करने लगा। इस पर पुलिस को शक हुआ और बैग खोलने पर कैश बरामद हुआ। 50 लाख रुपये राशि के 500-500 नोटों के 250-250 लाख रुपये की गड्डी के 20 बंडल मिले हैं।
विज्ञापन
कार सवार जींद के रहने वाले युवक ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से नकदी लेकर आने की बात कही। युवक ने कहा कि वह प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए रकम लेकर आया था।
हालांकि जब एसएसटी ने उससे कागजात दिखाने के लिए कहा तो वह किसी तरह का दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इस पर पूरी रकम को जब्त कर लिया गया।
एसएसटी ने नकदी का कब्जे में लेकर ट्रेजरी में जमा कराया है। वहीं मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दी गई है। अब मामले की जांच पुलिस और आयकर विभाग की टीम करेगी।