संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के इच्छुक उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है, जो किसी कारण से निर्धारित तिथि पर प्रवेश परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। विश्वविद्यालय ने ऐसे विद्यार्थियों के लिए 30 जुलाई को दोबारा प्रवेश परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है, ताकि कोई भी पात्र अभ्यर्थी केवल परिस्थितियों के कारण उच्च शिक्षा के अवसर से वंचित न रह जाए।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरक्षण श्रेणी और पाठ्यक्रम में बदलाव का भी एक और अवसर दिया है। इच्छुक विद्यार्थी 27 जुलाई तक विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल अथवा admissionssuoh.ac.in पर ई-मेल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस), बीएससी स्पोर्ट्स साइंस, मास्टर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (एमपीईएस) तथा एमएससी स्पोर्ट्स साइंस पाठ्यक्रमों के लिए उपलब्ध रहेगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक योग्य अभ्यर्थी को समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि कुछ विद्यार्थी अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण निर्धारित तिथियों पर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके थे। ऐसे विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए उन्हें अंतिम अवसर देने का निर्णय लिया गया है, ताकि उनकी शैक्षणिक यात्रा बाधित न हो।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन सफलतापूर्वक जमा कर दिया था, लेकिन किसी कारणवश प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं कर सके या उन्हें प्राप्त नहीं हुआ, वह 30 जुलाई को परीक्षा शुरू होने से पहले प्रवेश पोर्टल पर ई-मेल करें। आवेदन का सत्यापन होने के बाद उन्हें परीक्षा केंद्र पर ही प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वह प्रवेश पत्र, मूल दस्तावेज और वैध फोटो पहचान पत्र के साथ निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।