खरखौदा। सैदपुर चौकी के बाहर मंगलवार देर रात नाका लगाकर वाहनों की जांच करने के दौरान दिल्ली की तरफ से आ रही कार ने एसपीओ संदीप को टक्कर मारकर घायल कर दिया। कार चालक व उसमें सवार अन्य तीन युवक नशे की हालत में थे। जिन्हें गाड़ी सहित पकड़ लिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वहीं घायल एसपीओ संदीप को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सैदपुर चौकी प्रभारी दलजीत के नेतृत्व में टीम मंगलवार रात नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान औचंदी बार्डर, दिल्ली की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आई, जिसके चालक ने बैरिकेड को टक्कर मारने के साथ ही ड्यूटी पर तैनात एसपीओ संदीप को भी टक्कर मार दी, इससे संदीप घायल हो गएया। इसके बाद भागने की कोशिश कर रहे कार चालकों को पुलिस कर्मियों ने पकड़ लिया। उन्होंने शराब पी हुई थी। पूछताछ करने पर कार चालक ने अपनी पहचान रोहतक जिले के गांव गरनावठी निवासी भूपेंद्र के रूप दी है। उसके साथ गांव के ही रोहित, रवि व परमजीत कार में सवार थे। पुलिस जांच में स्विफ्ट गाड़ी से शराब की बोतल, जिसमें कुछ शराब बची हुई थी व खाली गिलास और नमकीन के पैकेट बरामद हुए। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।