गोहाना। गांव खेड़ी दमकन के पास तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दंपती घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने महिला के पति के बयान पर बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
पानीपत के गांव गोयला खेड़ा निवासी विक्की ने बताया कि वह अपनी पत्नी मोनिका (22) के साथ बाइक पर अपनी ससुराल गांव जौली आए हुए थे। वह रात करीब आठ बजे वापस घर के लिए बाइक पर निकले थे। उनके साथ दूसरी बाइक पर उनका साला बकशीश भी आगे चल रहा था। वह जब खेड़ी दमकन के पास पहुंचे तो पीछे से दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वह और उनकी पत्नी सड़क पर गिर गए। वहीं बाइक चालक हादसे के बाद बाइक छोड़कर भाग गया। दोनों घायलों को गोहाना के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। मोनिका की हालत गंभीर होने के चलते उसे खानपुर कलां के बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मोनिका की मौत हो गई। पुलिस ने बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।