खरखौदा की सब्जी मंडी में डंफरो में भरकर हटाया जा रहा कूड़ा। स्रोत: मार्केट कमेटी
खरखौदा। रबी फसल की आवक को ध्यान में रखते हुए मार्केट कमेटी ने सब्जी मंडी में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान मंडी परिसर में जमा कूड़े-कचरे को उठवाकर व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।
मार्केट कमेटी सचिव सुरेश खोखर के अनुसार रबी सीजन में मंडी में किसानों की आवाजाही बढ़ जाती है और बड़ी मात्रा में फसल व सब्जियां मंडी में पहुंचती हैं। ऐसे में सफाई व्यवस्था बनाए रखना जरूरी हो जाता है।
अभियान के दौरान बैकेहो लोडर मशीन की मदद से मंडी में पड़े कूड़े को एकत्रित किया गया और उसे डंपरों में भरकर उठवाया गया। कई डंपर कूड़ा मंडी से बाहर डलवाया गया, जिससे मंडी परिसर काफी हद तक साफ नजर आया। सफाई के बाद मंडी में आने-जाने वाले किसानों व व्यापारियों को भी राहत मिलेगी।
सचिव ने बताया कि मंडी में नियमित रूप से सफाई करवाई जा रही है और सीजन के दौरान इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने किसानों व आढ़तियों से भी अपील की कि वो मंडी परिसर में कूड़ा इधर-उधर न फैलाएं और निर्धारित स्थानों पर ही डालें।