गन्नौर। बेगा गांव से चार दिन पहले लापता हुए सोनू शर्मा उर्फ टीटा की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो ब्लाइंड मर्डर से पर्दा उठा और निशानदेही पर यमुना नदी की बालू में दबा सोनू का शव बरामद हुआ।
शुक्रवार को सुबह ड्यूटी मजिस्ट्रेट, एफएसएल टीम और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सोनू 12 जनवरी की देर शाम घर से दवा लेने की बात कहकर निकला था और वापस नहीं लौटा।
काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिला तो उनके भाई मोनू ने थाना गन्नौर में गुमशुदगी की शिकायत दी थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। फिर पुलिस को सूचना मिली कि गांव बेगा के फिरोज और उसके दो साथियों ने सोनू की हत्या कर शव यमुना नदी किनारे मिट्टी में दबा दिया है।
इस पर पुलिस ने फिरोज को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जहां उसने वारदात कबूल ली।
शराब पीते समय पुराने झगड़े ने ली जान
पुलिस जांच में सामने आया कि सोनू, फिरोज, संजय और कुलदीप ने यमुना नदी के पास बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान पुरानी कहासुनी को लेकर उनमें विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी झगड़े में बदल गई। आरोप है कि तीनों ने सोनू के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया और बाद में गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने हाथों से गड्ढा खोदकर शव को यमुना किनारे बालू में दबा दिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में गांव बेगा निवासी फिरोज, संजय और कुलदीप के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी फिरोज को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अन्य दो आरोपी अभी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सोनू का रहा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सोनू पर पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज थे। थाना गन्नौर में उस पर अवैध हथियार रखने और गवाह को धमकाने के दो केस, जबकि थाना खरखौदा में अवैध हथियार रखने और लूट से जुड़े दो मामले दर्ज हैं।
गांव बेगा से लापता युवक का शव बरामद कर लिया गया है। मामले में तीन आरोपियों पर हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी फिरोज को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी से वारदात में प्रयुक्त रॉड की बरामदगी और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
- ऋषिकांत, एसीपी गन्नौर
फोटो :20: सोनीपत के गन्नौर स्थित बेगा घाट के पास हत्या कर यमुना की बालू में दबाए सोनू के शव को