फोटो :: राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-12 में एशियन गेम्स के लिए चयनित छात्रा संगीता ठाकुर का
सोनीपत। राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-12 की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा संगीता ठाकुर का चयन कुराश के 57 किलोग्राम भार वर्ग में एशियन गेम्स-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से जापान में होगा।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. किरण सरोहा ने संगीता ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि कॉलेज की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगीता एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी तथा पदक जीतकर लौटेंगी।
संगीता की इस सफलता में महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रवेश वत्स के मार्गदर्शन और प्रेरणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वह बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के स्वर्ण पदक विजेता, अंतर-विश्वविद्यालय पदक विजेता तथा राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी रह चुके हैं।
कुराश उज्बेकिस्तान की पारंपरिक मार्शल आर्ट और जैकेट कुश्ती का एक लोकप्रिय खेल है जिसमें दो खिलाड़ी हरी और नीली जैकेट पहनकर मुकाबला करते हैं। खेल का मुख्य उद्देश्य प्रतिद्वंद्वी को पीठ के बल जमीन पर गिराना होता है जिसके आधार पर विजेता का फैसला किया जाता है।
इस दौरान डॉ. वंदना नासा, डॉ. रेखा रहेजा, डॉ. राजेश भारद्वाज, डॉ. अमिता, डॉ. नीलम, डॉ. राजवंती, डॉ. सतीश मलिक, डॉ. राजेश ढाका, डॉ. सुनील ने संगीता ठाकुर तथा उनके प्रशिक्षक प्रवेश वत्स को बधाई व शुभकामनाएं दीं।