हरियाणा के सोनीपत में ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन व संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से सोमवार को जंतर-मंतर पर धरनारत पहलवानों को जबरदस्ती उठाए जाने के विरोध में जुलूस निकाला गया। इस दौरान संगठन व मोर्चा के सदस्यों ने ककरोई चौक पर पहुंचकर सरकार का पुतला जलाया।
कामरेड हरिप्रकाश, श्रद्धानंद सोलंकी समेत अन्य सदस्यों ने रविवार को पहलवानों के साथ हुई घटना को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि पहलवान साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया व अन्य के साथ जो पुलिस ने कार्रवाई की, इसकी सारे देश और दुनिया में निंदा हो रही है।
ईश्वर सिंह राठी, भगत सिंह, ब्रह्म सिंह दहिया ने कहा कि यौन शोषण के आरोपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बचाने के लिए आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के जिला प्रधान हंसराज राणा, सचिव जयकरण, उपाध्यक्ष ईश्वर सिंह दहिया ने कहा कि सरकार पूंजीपति की सेवा में लगी है। सरकार की ओर से अपना नाम चमकाने के लिए जनता के पैसों से नए संसद भवन का निर्माण किया गया है।
जनता के हितों से कोई लेना देना नहीं है। जिन पहलवानों ने विश्व में नाम रोशन किया, उन्हीं के साथ दुर्व्यवहार करना निंदनीय है। पहलवानों को न्याय दिलाने के लिए जिन लोगों को पंचायत में जाना था, उनको दिल्ली के बॉर्डर पर रोककर पुलिस हिरासत में लिया गया। इस दौरान बलवीर सिंह खटक, डॉक्टर सतपाल, रामफल मास्टर, अनूप सिंह, नरेंद्र सिंह दहिया, मेहर सिंह, सतीश बौद्ध, बलवान सिंह, अतर सिंह, भारत, राजबीर, सुरेश मौजूद रहे।