प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास पाने के लिए लोगों की लाइन लग गई है और जिले से अभी तक 5779 लोग आवास की चाहत में आवेदन कर चुके हैं। यह आवेदन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, क्योंकि जल्द ही इसके लिए सर्वे शुरू होने वाला है। वहीं, पार्षद भी अपने-अपने वार्ड का सत्यापन करके रिपोर्ट सौंपेंगे। उसके बाद ही नियम को पूरा करने वालों को योजना का लाभ मिलेगा, लेकिन जानकारी के अभाव में काफी लोगों ने आवेदन गलत किए हैं तो उनके फार्म भरने में गड़बड़ी भी मिल रही है। इस कारण भी वह योजना का लाभ लेने से दूर हो सकते हैं। यह सर्वे व सत्यापन के बाद ही साफ होगा कि आखिर किसका मकान लेने का सपना पूरा होता है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोगों का अपना घर का सपना पूरा करने के लिए आवेदन मांगे गए थे। इसके लिए ऐसी मारामारी मची कि लोगों ने नियमों के बारे में जानकारी किए बिना ही आवेदन करने शुरू कर दिए। इंटरनेट कैफे या सीएससी सेंटर पर पहुंचकर अपना आवेदन करा दिया। लोगों में योजना का लाभ लेने की होड़ किस कदर मची हुई है, उसका इसी बात से पता चलता है कि जिले से अभी तक 5779 लोग आवेदन कर चुके हैं। इनमें से 4910 ने नया मकान बनवाने के लिए आवेदन किया है तो 869 लोग अपने मकान का दायरा बढ़ाना चाहते हैं और उसके लिए योजना का लाभ लेना चाहते हैं।
खरखौदा से सबसे ज्यादा आवेदन
इनमें भी सबसे ज्यादा खरखौदा से आवेदन आए हैं, जिनमें 2699 ने नया मकान बनवाने तो 134 ने पहले से मौजूद मकान को बनाने के लिए आवेदन किया हैं। वहीं, गन्नौर के 650 ने नया तो 408 ने पुराने मकान को बनवाने के लिए आवेदन किया है। इसी तरह गोहाना के 1561 ने नया मकान बनवाने के अलावा 327 ने पुराने मकान को दोबारा बनवाने के लिए आवेदन किया है। नियमों की जानकारी नहीं होने के कारण लोगों ने केवल दो श्रेणियों में आवेदन किया है, जबकि इस योजना का लाभ चार श्रेणियों में दिया जाना है। इसका लाभ देने के लिए जल्द ही सत्यापन व सर्वे का कार्य शुरू होगा, जिससे इसके जद में आने वालों को योजना का लाभ जल्द से जल्द दिया जा सके। डीसी केएम पांडुरंग ने बताया कि लोग योजना के तहत आवेदन कर रहे हैं और अब सर्वे व सत्यापन का कार्य होगा। इस योजना में पात्र रहने वालों को सरकार की ओर से लाभ दिया जाएगा।
ये हैं शर्तें
ईडब्ल्यूडीएस की श्रेणी में सालाना तीन लाख रुपये की आमदनी वाले शामिल होंगे।
एलआइजी की श्रेणी में सालाना 3 से 6 लाख रुपये आमदनी वालों को रखा जाएगा।
आवेदन करने वालों को ईडब्ल्यूडीएस या एलआइजी श्रेणी के शपथ-पत्र आवेदन के साथ ही लगाने हैं।
महिला आवेदक ही आवेदन कर सकती हैं और आवेदक की उम्र 21 से 35 साल तक ही होनी चाहिए।
इन श्रेणियों में मिलेगा लाभ
कोई काफी समय से किसी कब्जे वाली जगह पर रह रहा है। उनको पहली श्रेणी में रखकर लाभ दिया जाएगा।
शहरी व कस्बाई क्षेत्रों में किराए पर रहकर गुजर-बसर करने वालों को दूसरी श्रेणी में लाभ दिया जाएगा।
किसी के पास मकान है, लेकिन वह आधा-अधूरा पड़ा है। उसके मकान का विस्तार करने के लिए भी लाभ मिलेगा।
किसी के पास मकान हैं और वह जर्जर हालत में पड़ा हैं। ऐसे लाभार्थियों के लिए चौथी श्रेणी में लाभ दिया जाएगा।
इस तरह मिलेगा लाभ
0 से 3 लाख तक आय वालों को 6.50 फीसदी ब्याज पर सब्सिडी
3 से 6 लाख तक वालों को 4 फीसदी ब्याज पर सब्सिडी
6 से 9 लाख तक वालों को 2.5 फीसदी ब्याज पर सब्सिडी
9 से 12 लाख या ज्यादा वालों को कोई सब्सिडी नहीं