किसान आंदोलन के नाम पर अभी तक आम लोगों से ठगी हो रही थी, लेकिन पहली बार धरनास्थल पर आंदोलन में शामिल किसानों से ठगी के मामले सामने आए हैं। कुंडली बॉर्डर पर ठगी भी कम किसानों से नहीं हुई है, बल्कि वहां एक हजार से ज्यादा किसानों से लाखों रुपये की ठगी की गई। धरनास्थल पर युवकों ने खुद को सेवादार बताकर आंदोलन में मदद के नाम पर किसानों से 100-500 रुपये तक वसूल किए और उनको पर्ची व फोन नंबर कुछ नहीं दिया गया। इसका खुलासा उस समय हुआ जब मंच के पास किसान नेताओं तक यह मामला पहुंचा।
उसके बाद किसी को इस तरह रुपये नहीं देने की मंच से चेतावनी दी गई तो पुलिस में शिकायत करने की बात कही गई है। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य गुरनाम सिंह चढूनी तक को ठगों ने नहीं बख्शा है और उनमें नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर गणतंत्र दिवस की ट्रैक्टर परेड के लिए चंदा मांगना शुरू कर दिया। जिस पर गुरनाम सिंह चढूनी को खुद भी अपना वीडियो जारी करके फर्जीवाड़े का खुलासा करना पड़ा।
कुंडली बॉर्डर पर धरना देकर बैठे किसानों ने मुख्य मंच बनाया हुआ है और उसके पास ही चंदा लिया जाता है। वहां कोई भी चंदा देता है तो उसकी रसीद काटी जाती है, लेकिन वहां धरनास्थल पर कई दिनों से कुछ युवक आंदोलन में मदद के नाम पर चंदा मांगते हुए घूम रहे थे। पंजाब के बुजुर्ग किसानों को सबसे ज्यादा निशाना बनाया, जिससे उन युवकों से ज्यादा पूछताछ नहीं हो और वह पकड़े नहीं जा सकें।
इस तरह दो दिन में वहां करीब एक हजार से ज्यादा किसानों से 100-500 रुपये तक लिए गए। किसानों से रुपये लेकर किसी तरह की रसीद व फोन नंबर भी नहीं दिया गया। रसीद नहीं दिए जाने का अन्य किसानों को पता चला तो उनको शक हुआ और इस बारे में मंच के पास किसान नेताओं को बताया गया। जहां से पता चला कि संचालक कमेटी की ओर से किसानों के पास जाकर कोई चंदा नहीं लिया जा रहा है और इस तरह से किसानों के साथ ठगी हो रही है। इसके बाद मंच से चेतावनी दी गई कि किसी किसान के पास कोई चंदा मांगने आता है तो उसे चंदा नहीं दिया जाए और ऐसे ठगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा जाए। इसके साथ ही इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस में करने की बात कही गई है।
गुरनाम चढूनी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ट्रैक्टर परेड के लिए चंदा मांगा
संयुक्त किसान मोर्चा ने गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में किसान ट्रैक्टर परेड निकालने का एलान किया हुआ है। जिसके नाम पर भाकियू हरियाणा के अध्यक्ष व संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य गुरनाम सिंह चढूनी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी शुरू कर दी गई। गुरनाम सिंह चढूनी के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर एक्सिस बैंक मुंबई का अकाउंट नंबर डाला गया और गणतंत्र दिवस परेड के लिए मदद करने को चंदा मांगने की अपील की गई। इस बारे में पता चलने पर गुरनाम सिंह चढूनी को वीडियो बनाकर अपील करनी पड़ी कि उनके नाम पर किसी को चंदा नहीं दिया जाए।
कुंडली बॉर्डर पर कुछ युवक कई दिनों से चंदा मांगने आ रहे थे। किसान आंदोलन में मदद करने के लिए काफी किसानों ने चंदा दिया और मैने व मेरे साथियों ने चंदा दिया। किसी ने 100 रुपये तो किसी ने 500 रुपये दिए, लेकिन किसी को रसीद नहीं दी गई। जब इस बारे में दूसरे किसानों को बताया तो ऐसे ठगी करने का शक हुआ। अब पता चला है कि किसानों से ऐसे ठगी की गई है। इसकी शिकायत पुलिस में की जाएगी।
-चरणजीत सिंह, किसान
मेरी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर एक्सिस बैंक का खाता नंबर दिया गया है और उसपर गणतंत्र दिवस की ट्रैक्टर परेड के नाम पर चंदा मांगा जा रहा है। मुझे जब पता चला तो मैने अपना वीडियो जारी करके बताया कि इस तरह ठगी हो रही है। मेरा कोई खाता नहीं है और मैने कोई चंदा भी नहीं मांगा है। ऐसा करने वाले को पकड़वाया जाएगा।
-गुरनाम सिंह चढूनी, अध्यक्ष, भाकियू