एक करोड़ की पहली इनामी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोनीपत के खिलाड़ियों की उत्कृष्ट भागीदारी के साथ ही अपने रोमांच के लिए भी याद रहेगा। बड़ी इनामी राशि को पाने की चाहत में दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने अपना जी-जान लगा दिया। अंतिम क्षणों तक विजेता के बारे में कयास ही लगाए जा रहे थे। हालांकि खेल का महज एक मिनट शेष रहते कप्तान गुरुग्राम के अनूप के डबल व सुरेंद्र नारा के बेहतर प्रदर्शन के चलते हरियाणा छह अंकों से जीत दर्ज करने में कामयाब रहा। अनिल, प्रवेश, सुनील, रोहित सहित सोनीपत के पांच खिलाड़ियों ने भी इस जीत में भागीदारी की।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति अखिल भारतीय नेशनल स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में रेलवे व हरियाणा की टीम आमने-सामने थीं। प्रतियोगिता के पहले मिनट से ही साफ हो गया था कि मुकाबला कांटे का होगा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ देने का मन बना रखा था। 12 सदस्यीय हरियाणा की टीम में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे सोनीपत के पांच खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के मध्यांतर तक हरियाणा व रेलवे की टीम 12-11 अंक लेकर एक-दूसरे से आगे निकलने की जुगत में लगी थी। हरियाणा एक अंक से बढ़त लेकर दूसरे हॉफ में पहुंचा था। उसके बावजूद रेलवे की टीम ने हार नहीं मानी औैर एक समय आया जब रेलवे की टीम एक अंक की बढ़त बना चुकी थी, लेकिन इसी दौरान हरियाणा के खिलाड़ियों ने दो अंक अर्जित कर एक अंक की बढ़त अपने नाम कर ली। मुकाबले के अंतिम मिनट तक हरियाणा एक अंक से आगे थे।
मुकाबला उस मुहाने पर था जहां से कोई भी जीत दर्ज कर सकता था। दर्शकों की सांस थमी थी। हालांकि हरियाणा की टीम को दर्शकों का ज्यादा साथ मिल रहा था। उसके बावजूद रेलवे के खिलाड़ी हार मानने को तैयार नहीं थे। मैच के अंतिम क्षणों में सुरेंद्र नारा ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए टीम को अंक दिलाकर जीत के अंतर को बढ़ा दिया। इसी बीच हरियाणा की टीम के कप्तान और अर्जुन अवार्डी अनूप ने अपने सुपर टैकल के दम पर एक साथ दो अंक अर्जित कर विपक्षी टीम के हौसले पस्त कर दिए। आखिर में हरियाणा की टीम 33-27 अंकों के अंतर से खिताब जीतने में सफल रही।