फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat: रबड़ फैक्टरी में आग से हड़कंप, भारी नुकसान, 10 गाड़ियों ने तीन घंटे में पाया आग पर काबू

Fri, 21 Jun 2024 10:31 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

सुबह पौने तीन बजे आग लगी थी। काबू पाने के बाद भी अग्निशमन विभाग की टीम खड़ी रही, सुबह साढ़े दस बजे लौटी। आग लगने के दौरान चार कर्मियों सहित स्वयं मालिक फैक्टरी में मौजूद थे। आग लगते ही बाहर आए, मशीन व माल जल गया। गांव नाथूपुर स्थित नीरज इंडस्ट्रीज में रबड़ की पिसाई कर दाना बनाने का काम किया जाता है।
विज्ञापन
रबड़ फैक्टरी में लगी आग। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सोनीपत के राई क्षेत्र के गांव नाथूपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में रबड़ की पिसाई कर दाना बनाने की फैक्टरी में सुबह पौने तीन बजे अचानक आग लग गई। रात को फैक्टरी मालिक व चार श्रमिक फैक्टरी में ही मौजूद थे। आग लगने का पता लगते ही वह बाहर भागे और अग्निशमन विभाग की टीम को अवगत कराया। मौके पर पहुंची टीम ने तीन घंटे में आग पर काबू पाया। इसके लिए 10 गाड़ियां बुलाई गई। आग से फैक्टरी मालिक को भारी नुकसान हुआ है।
विज्ञापन


दिल्ली के नरेला निवासी हरीराम की नाथूपुर औद्योगिक क्षेत्र में नीरज इंडस्ट्रीज के नाम से फैक्टरी है। इसमें वह रबड़ की पिसाई कर उसका दाना बनाकर बेचते हैं। वीरवार रात को फैक्टरी मालिक हरीराम व चार अन्य कर्मी मौजूद थे। सुबह करीब पौने तीन बजे फैक्टरी के बाहर पड़ी कटी रबड़ की चप्पल में आग लग गई।

इससे आग बढ़ गई और फैक्टरी को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगी देख हरीराम व तीनों कर्मी बाहर भागे। उन्होंने देखा कि आग बाहर रखी रबड़ की चप्पलों में लगकर फैक्टरी में पहुंची है। उन्होंने अग्निशमन विभाग की टीम को अवगत कराया। इस पर सोनीपत, कुंडली, राई से अग्निशमन विभाग की दस गाड़ियां मौके पर पहुंची।
विज्ञापन


उप अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फैक्टरी में रबड़ के टुकड़ों के साथ ही मशीन भी जल गई। आग से फैक्टरी मालिक को भारी नुकसान हुआ है। आकलन के बाद ही आग की वजह व नुकसान का पता लग सकेगा।

रात को बंद थी फैक्टरी
फैक्टरी मालिक ने बताया कि रात को फैक्टरी बंद थी। इसमें चार श्रमिक मौजूद थे। वह भी रात को फैक्टरी के अंदर ही मौजूद थे। सुबह अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है। आग लगी देख उन्होंने सबसे पहले सभी को बाहर निकाला। उसके बाद अग्निशमन विभाग को अवगत कराया।

काबू पाने के बाद भी खड़ी रही अग्निशमन विभाग की टीम
फैक्टरी में लगी आग पर सुबह छह बजे तक काबू पा लिया गया। उसके बावजूद आग रबड़ में होने के चलते उसमें से धुआं निकल रहा था। इससे दोबारा आग सुलगने की आशंका के चलते साढ़े दस बजे तक अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। इस दौरान कई बार रबड़ पर पानी का छिड़काव किया गया।

आग से लगातार हो रहा नुकसान
  • 7 मई को सोनीपत के गांव जाहरी में बीयर फैक्टरी में बॉयलर फटने से श्रमिक की जान गई थी।
  • 16 मई को प्याऊ मनियारी में कत्था फैक्टरी के अंदर बॉयलर फटा था। इसमें छह श्रमिकों की जान गई थी।
  • 28 मई को राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में सॉल्वेंट का ड्रम फट गया था। इसमें दो उद्योगपतियों सहित 14 लोगों की जान जा चुकी है।
  • 30 मई को कुंडली की दो फैक्टरियों में आग लगी थी। कुंडली के फेज-5 में एक ही भवन के दो फ्लोर पर चल रही फैक्टरियों में आग लगी थी।
  • 31 मई को खरखौदा के फिरोजपुर बांगर की पेंट फैक्टरी में आग लगी।
  • 13 जून को फोम फैक्टरी के गोदाम में लगी आग, लाखों का नुकसान हुआ था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें