कुंडली स्थित फैक्टरी में केमिकल रिसाव की सूचना के बाद पहुंचा एनडीआरएफ का दस्ता।
- फोटो : bureau
कंटेनर से दिल्ली के तुगलकाबाद में हुए केमिकल रिसाव और करीब 300 बच्चों के प्रभावित होने के बाद कंटेनर दोपहर को सोनीपत के नाथूपुर स्थित फैक्टरी में पहुंचा। कंटेनर के पहुंचने के बाद एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन फोर्स) व दिल्ली पुलिस की टीम भी फैक्टरी में पहुंच गई। एनडीआरएफ की टीम ने सोनीपत प्रशासन की मदद से केमिकल रिसाव रोकने का प्रयास शुरू कर दिया था। समाचार भेजे जाने तक केमिकल रिसाव पर काफी हद तक काबू पाया जा चुका था। कंटेनर पर लगातार पानी की बौछारें की गईं। बताया गया कि कंटेनर में करीब 80 ड्रम थे और हर ड्रम में 200 लीटर केमिकल था, जिनमें से तीन ड्रम फट गए। इसके चलते केमिकल रिसाव हुआ। शनिवार सुबह दिल्ली के तुगलकाबाद में डीजल डलवाने के लिए रुके केमिकल के ड्रमों से लदे कंटेनर से अचानक रिसाव शुरू हो गया। केमिकल रिसाव से पास के ही एक स्कूल के करीब 300 बच्चे प्रभावित हो गए। उन्हें तुरंत आसपास के अस्पतालों में भर्ती करवाना पड़ा। वहां से कंटेनर दोपहर के समय कुंडली नाथूपुर स्थित क्रिस्टल कॉपर प्रोटेक्शन प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में पहुंचा। कंटेनर पहुंचने के तुरंत बाद ही दिल्ली से एनडीआरआफ की टीम व प्रहलादपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और कंटेनर से हो रहे रिसाव पर काबू पाने के प्रयास शुरू किया। फैक्टरी में उपलब्ध साधनों के अलावा दमकल की कई गाड़ियों की मदद से कंटेनर पर लगातार पानी की बौछारें की गईं, ताकि केमिकल का प्रभाव कम हो सके। देर शाम तक केमिकल रिसाव पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी थे। मौके पर एडीसी शिवप्रसाद शर्मा के अलावा कई आला अधिकारी भी पहुंचे। वह पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।
कंटेनर में क्लोरो मिथाइल केमिकल
कंपनी में फसलों में छिड़काव के लिए काम आने वाला पेस्टिसाइड बनाया जाता है। इसके लिए क्लोरो मिथाइल नामक केमिकल का प्रयोग किया जाता है। यही केमिकल इस कंटेनर में था। यह केमिकल सेहत के लिए बेहद संवेदनशील होता है और इसकी गंध भी सांस से शरीर में पहुंचकर स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित करती है।
नियंत्रण में है स्थिति : शिव प्रसाद
रिसाव की सूचना के बाद पहुंचे एडीसी शिवप्रसाद ने बताया कि कंटेनर पर लगातार पानी की बौछारें की जा रही हैं। केमिकल के तीन ड्रम फटने से रिसाव हुआ है। स्थिति अब नियंत्रण में है। किसी को भी डरने की आवश्यकता नहीं है।