फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नकल नहीं रोक सके तो बदले दो परीक्षा केंद्र, एक केंद्र से सभी परीक्षक हटाए

Sat, 11 Mar 2017 11:42 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो सोनीपत।
विज्ञापन
गन्नौर के एक परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थी की तलाशी लेता पुलिसकर्मी व मौजूद एसडीएम निर्मल नागर। - फोटो : bureau
विज्ञापन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं में नकल न रोकने वाले दो परीक्षा केंद्रों पर डीईओ ने गाज गिराई है। डीईओ ने सरगथल व खानपुर कलां के दोनों परीक्षा केंद्रों को बदल दिया है। वहीं, बिचपड़ी के परीक्षा केंद्र से पूरे स्टाफ को हटाकर नए स्टाफ की नियुक्ति की है। इसके अलावा सोनीपत में एसडीएम निशांत यादव में शनिवार को परीक्षा केंद्रों का दौरा करते हुए दो छात्रों पर यूएमसी का केस मनाया है, जबकि गन्नौर के एसडीएम निर्मल नागर ने दो शिक्षकों की शिकायत शिक्षा बोर्ड को भेजी है। शनिवार सुबह 10वीं की गणित विषय और शाम को हुई 12वीं कक्षा की कंप्यूटर साइंस की परीक्षा में आठ छात्रों पर यूएमसी का केस दर्ज किया गया।
विज्ञापन

प्रदेश में सात मार्च से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड व ओपन बोर्ड की ओर से 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं करवाई जा रही हैं। इन परीक्षाओं के शुरू होने से पहले ही प्रशासन व शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटीरत केंद्र अधीक्षक व सुपरवाइजरों को नकल रोकने संबंधी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए थे। प्रशासन व विभागाधिकारियों के इन आदेशों के बाद भी परीक्षाओं में लगातार नकल जारी है। परीक्षा केंद्रों पर हो रही लगातार नकल को देखते हुए डीईओ ने शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सरगथल का केंद्र गोहाना के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कर दिया है, जबकि खानपुर कलां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खानपुर गुरुकुल में तबदील कर दिया है। इतना ही नहीं परीक्षा में लापरवाही के चलते बिचपड़ी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र के पूरे स्टाफ को बदलकर नया स्टाफ नियुक्त किया गया है।
नकल करने वाले के लिए कोई माफी नहीं
शनिवार को 10वीं की गणित व 12वीं कक्षा की कंप्यूटर साइंस की परीक्षाओं में एसडीएम निशांत यादव के नेतृत्व में उड़नदस्ते ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने गोबिंद नगर स्थित रामजस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दून स्कूल, डीसी जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व शिव शक्ति वरिष्ठ माध्यमिक में व्यवस्थाओं की जांच की, जहां पुलिस ने एक परीक्षा केंद्र में आधा दर्जन से भी अधिक युवकों को नकल कराने के आरोप में हिरासत में लिया, जबकि एसडीएम ने शिव शक्ति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो परीक्षार्थियों पर नकल करते पाए जाने पर यूएमसी का केस बनाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन नकल को किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगा। नकल करने व कराने वालों को सहन नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन

दो शिक्षकों की शिक्षा बोर्ड को भेजी शिकायत
गन्नौर में एसडीएम निर्मल नागर ने शनिवार को परीक्षा के चलते विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। औचक निरीक्षण करते हुए एसडीएम ने खेड़ी गुर्जर स्थित राजकीय विद्यालय के परीक्षा केंद्र में कमरों के बाहर मिली संबंधित विषय की पर्चियों के चलते दो शिक्षकों के खिलाफ हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव को शिकायत भेजी है। इसके बाद एसडीएम ने आहुलाना के परीक्षा केंद्र में बाहरी अशांति व पुलिस बल की अनुपलब्धता के चलते परीक्षा की समाप्ति तक केंद्र में ही डटे रहे।
नकल करने व कराने वालों पर विभाग सख्त
परीक्षा शुरू होने से पहले ही सभी सुपरवाइजरों व केंद्र अधीक्षकों को नकल रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके बाद भी लगातार परीक्षा केंद्रों पर नकल के साथ अनेक अव्यवस्थाएं जारी मिली, जिसको देखते हुए सरगथल व खानपुर कलां के सेंटर को बदला गया है। वहीं, लापरवाही के चलते बिचपड़ी के परीक्षा केंद्र से पूरे स्टाफ को हटाकर नया स्टाफ लगाया है। नकल करने व कराने वालों पर विभाग सख्त है। पकड़े जाने पर दोनों पर सख्त कार्रवाई होगी।
विज्ञापन

-जिले सिंह, डीईओ सोनीपत।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें