जिले के 49 गांवों में बनने वाली व्यायामशालाओं के लिए जहां पहली बार टेंडर जारी करने पर ठेकेदार नहीं मिले थे। वहीं, दूसरी बार में 43 गांवों में व्यायामशाला बनाने के लिए ठेकेदार मिल गए हैं, जबकि छह गांवों की व्यायामशालाओं के लिए अभी ठेकेदारों का इंतजार है। उनके लिए दूसरी बार टेंडर जारी करने के बावजूद भी ठेकेदार नहीं मिले हैं और वहां व्यायामशाला का इंतजार लंबा हो सकता है। वहीं, जिन गांवों के लिए ठेकेदार मिल गए है, उनमें इस महीने ही व्यायामशाला बनाए जाने का काम शुरू हो जाएगा। इस तरह सीएम मनोहर लाल खट्टर की एक साल पहले हुई व्यायामशाला बनाने की घोषणा सिरे चढ़नी शुरू हो गई है।
दो माह पहले शुरू हुआ काम
प्रदेश के गांवों में खिलाड़ियों की फौज तैयार होती देखकर ही सीएम मनोहर लाल खट्टर ने गांवों में व्यायामशाला खोलने की योजना बनाई। इसके लिए एक साल पहले घोषणा की गई थी और यह योजना उसके बाद फाइलों में दब गई, लेकिन इस पर दो महीने पहले ही काम शुरू किया गया और जिले के 49 गांवों में व्यायामशाला बनाने की तैयारी की गई। हर गांव में इन व्यायामशाला के लिए दो एकड़ जमीन को चिह्नित किया गया। इसके लिए गांव के अनुसार बजट रखा गया है और किसी गांव में 10 लाख का बजट रखा गया है तो किसी के लिए 31 लाख रुपये का बजट भी रखा गया। यह गांव की आबादी के अनुसार ध्यान में रखकर किया गया। इन व्यायामशाला में योग करने के लिए हॉल बनाने के साथ ही पार्क भी बनाया जाना है। व्यायामशाला के लिए पंचायत विभाग की ओर से टेंडर मांगे गए थे और उनको पहले 10 जनवरी को खोला जाना था। यह टेंडर ऑनलाइन मांगे गए थे, जिसके लिए ठेकेदारों ने आवेदन ही नहीं किया। जिससे एक भी गांव का टेंडर नहीं छोड़ा जा सका और इसके लिए दोबारा से टेंडर मांगे गए। दोबारा टेंडर मांगने पर भी 43 गांवों का ठेका छोड़ा जा सका है, जबकि 6 गांवों के लिए अभी तक ठेकेदार नहीं मिल रहे है। यह जरूर है कि जिन गांवों में व्यायामशाला बनाने को ठेकेदार मिल चुके है, उनमें इस महीने में काम शुरू करा दिया जाएगा और वहां अगले तीन महीने में उसे बनाकर तैयार करने की बात कही जा रही है।
इन गांवों में बननी हैं व्यायामशाला
भटगांव, चिताना, लुहारी टिब्बा, टिहर खुर्द, सांडल निवाना, गुहना, जांटी कलां, औरंगाबाद, नासीरपुर बांगर, जाखौली, मटंद, नासत, गामड़ी, बिढ़ाल, टिहर मलिक, आहुलाना, अगवानपुर, खुबरू, हुल्ला हेरी, सिवाली, वाजिदपुर सबौली, कटलूपुर, सफियाबाद, कुरा इब्राहिमपुर, ताजपुर, बखतारपुर, पिपली खेड़ा, बरौदा तुथान, बुसाना, महमूदपुर, धुराना, सिलाना, रोहट, रिधु, झरौठ, फतेहपुर, फरमाना, थाना कलां, निकलोई, कनवाली, बिढलान, मिर्जापुर, चिचराना, रूखी, महरा, रिवारा, बडी, बजाना, सितावली समेत 49 गांव शामिल हैं।
49 गांवों में व्यायामशालाएं बनाई जानी हैं, जिनके लिए पहले टेंडर मांगे गए थे। पहले ठेकेदारों के रुचि नहीं दिखाने के कारण पहली बार में टेंडर नहीं छोड़े गए थे और दूसरी बार में 43 गांवों के टेंडर छोड़े गए हैं। 6 गांवों के लिए अभी तक ठेकेदार नहीं मिल रहे हैं। जिन गांवों का टेंडर छोड़ा जा चुका हैं, उनमें जल्द काम शुरू करा दिया जाएगा।
-एके पंवार, एक्सईएन पंचायतीराज विभाग