जीएसटी के लिए रजिस्ट्रेशन कराने को सरकार ने एक बार फिर से व्यापारियों को मौका दिया है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया एक जून से शुरू हो रही है जो 15 जून तक चलेगी। इस तरह रजिस्ट्रेशन से वंचित व्यापारियों को जीएसटी में शामिल होने का आखिरी मौका मिला है। फिलहाल जिले के 12506 में से 3415 व्यापारी अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाए हैं। अगर व्यापारी 15 जून तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराए पाए तो वे जीएसटी के दायरे से बाहर हो जाएंगे, जिससे एक जुलाई के बाद जीएसटी के लागू होने पर व्यापारियों को सामान खरीदने व बेचने में दिक्कतें उठानी पड़ सकती हैं।
जरूरी डाक्यूमेंट कराने होंगे अपलोड
जिले में कुल 12506 व्यापारी है, जिनमें से 6330 व्यापारी ही जीएसटी के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करवा चुके हैं। 3415 व्यापारियों ने अभी तक जीएसटी रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन ही नहीं किया है। वहीं, 2761 व्यापारियों ने अभी तक जीएसटी रजिस्ट्रेशन के लिए केवल लॉग इन बनाया है, जबकि इनको रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पेनकार्ड, आधार कार्ड, बैंक स्टेटमेंट, कैंसिल चेक, सर्विस टैक्स, एक्साइज टैक्स, वैट रजिस्ट्रेशन की प्रति, जीएसटी की साइट पर अपलोड करना बाकी है। यह प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। इन जरूरी कागजों के अपलोड करने के बाद ही व्यापारी का जीएसटी रजिस्ट्रेशन हो सकेगा। इस तरह अभी तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू भी नहीं करने वाले 3415 व्यापारियों व लॉगइन बना चुके 2761 व्यापारियों को प्रक्रिया पूरी करने के लिए यह 15 दिन का समय मिला है।
रजिस्ट्रेशन के लिए हेल्प डेस्क बनाई
कराधान विभाग की ओर से व्यापारियों के जीएसटी रजिस्ट्रेशन के लिए हेल्प डेस्क तैयार की गई है। किसी भी व्यापारी को जीएसटी रजिस्ट्रेशन से संबंधित जानकारी हेल्प डेस्क से मिलेगी, ताकि व्यापारियों को जीएसटी रजिस्ट्रेशन के लिए किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।
जीएसटी के लिए चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
जीएसटी एक जुलाई से लागू होगा और इसको देखते हुए ही कराधान विभाग के अधिकारी लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इसमें जीएसटी से संबंधित हर जानकारी व्यापारियों व उद्यमियों को दी जा रही है। इसके अलावा उनको रजिस्ट्रेशन कराने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। इसके बावजूद व्यापारी रजिस्ट्रेशन कराने में ज्यादा रुचि नहीं दिखा रहे थे, लेकिन अब आखिरी मौका मिलने के बाद देखा जाएगा कि व्यापारी इसको लेकर कितने जागरूक हुए हैं।
जिले के 6330 व्यापारी ही अब तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करवा पाए हैं। 15 जून के बाद व्यापारियों का जीएसटी रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकेगा। एक जुलाई को जीएसटी लागू होने के बाद रजिस्ट्रेशन न कराने वाले व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
-अनिल कादियान, डीईटीसी कराधान