फोटो : सोनीपत के मुरथल के पास सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं एनर्जी प्लांट में निरीक्षण करने पहुंचे
सोनीपत। विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण ने रविवार को मुरथल गांव के पास सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं एनर्जी प्लांट का दौरा किया। उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, तकनीकी ढांचे व ठोस कचरे से ऊर्जा उत्पादन की आधुनिक प्रक्रिया जानी।
स्पीकर को कचरा संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण, उससे ऊर्जा और अन्य उपयोगी संसाधन तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्होंने प्लांट में अपनाए जा रहे पर्यावरण अनुकूल उपायों, प्रदूषण नियंत्रण मानकों, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी नवाचारों का भी जायजा लिया।
विधानसभा स्पीकर ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। बढ़ती जनसंख्या और शहरीकरण के कारण कचरे की समस्या गंभीर होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि कचरे से ऊर्जा उत्पादन जैसे प्रोजेक्ट न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देते हैं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
इस दौरान राई से विधायक कृष्णा गहलावत, निवर्तमान मेयर राजीव जैन, करनाल नगर निगम की मेयर रेनूबाला गुप्ता, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़ भी मौजूद रहे।