सोनीपत साइबर क्राइम थाने की टीम की गिरफ्त में ठगी के आरोपी। स्रोत: पुलिस प्रवक्ता
सोनीपत। साइबर थाना पुलिस सोनीपत ने गुजरात के अहमदाबाद के संजीव, राजस्थान के अलवर के राहुल उर्फ मोंद्र, जयपुर के ऋषभ, सचिन, तरुण और विशाल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इनका गिरोह ऑनलाइन ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश के नाम पर लोगों को ठगता था।
सोनीपत के गुलशन से भी आरोपियों ने 56 लाख 18 हजार रुपये की ठगी की है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में सोनीपत सेक्टर-8 के गुलशन ने बताया था कि मई 2025 में उन्हें एसबीआई सिक्योरिटीज नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया था। ग्रुप के एडमिन रिचर्ड मेदोंचा और सरोज ने उन्हें ऑनलाइन ब्लॉक ट्रेडिंग और ओसवाल पंप्स के आईपीओ में भारी मुनाफे का झांसा देकर निवेश करने के लिए कहा था।
गुलशन के अनुसार उन्होंने 10-12 दिन तक ग्रुप की गतिविधियां देखी और 3 जून को ग्रुप ज्वाइन कर लिया। एडमिन के कहने पर उन्होंने निवेश शुरू कर दिया। ठगों ने उनका विश्वास जीतने के लिए शुरुआती निवेश पर मुनाफा दिया।
आरोप है कि आईपीओ ओसवाल पंप्स और कल्पतरू लिमिटेड के नाम से एलोकेशन ओवर सब्सक्राइब दिखाया गया। निर्धारित राशि जमा करने के लिए कहा गया।
उन्होंने पूरी पेमेंट कर दी। फिर जब रुपये निकालने की कोशिश की तो लो क्रेडिट स्कोर का बहाना बनाकर रुपये ब्लॉक कर दिए। 2 प्रतिशत अतिरिक्त राशि जमा करने के लिए कहा गया। जांच की तो पता चला कि उसने 56 लाख 18 हजार की ठगी की गई है।