सोनीपत। बहालगढ़ स्थित कत्था फैक्टरी के कैशियर के साथ हुई 15 लाख रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 6.10 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली है। आरोपी ने साथी के साथ मिलकर कैशियर की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर नकदी लूटी थी। पुलिस ने आरोपी के घर से नकदी बरामद की है। पुलिस मामले में उसके दूसरे साथी की तलाश कर रही है।
बहालगढ़ चौकी पुलिस ने एक युवक को अवैध पिस्तौल सहित काबू किया था। आरोपी ने अपनी पहचान गांव खेवड़ा की आंबेडकर कॉलोनी का रहने वाला अक्षय उर्फ भूरिया के रूप में दी थी। आरोपी से पूछताछ में खुलासा किया था कि उसने साथी के साथ मिलकर खेवड़ा रोड पर कत्था फैक्टरी के पास फैक्टरी के कैशियर की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फैंककर व ईंट से हमला कर 15 लाख रुपये की नकदी लूटी थी। मामले को लेकर 7 दिसंबर को हिमाचल के जिला ऊना के गांव चौकी मनियार निवासी पुष्पेंद्र साहनी ने राई पुलिस को बताया कि वह 26 साल से बहागलढ़-खेवड़ा रोड पर स्थित महेश वुड प्रोडक्टस प्राइवेट लिमिटड कंपनी (कत्था फैक्टरी) में बतौर कैशियर कार्यरत है। वह फैक्टरी के सामने की कत्था कॉलोनी में किराए पर रहता है। पुष्पेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया था कि वह कर्मचारियों का वेतन बांटने व किराया आदि देने के लिए 6 दिसंबर को हेड ऑफिस दिल्ली से 15 लाख रुपये लेकर आया था। 7 दिसंबर को वह 11 बजे रुपये से भरी अटैची लेकर पैदल ही कंपनी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फैंककर व र्इंट से हमला कर 15 लाख रुपये लूट ले गए थे।
एएसआई पवन कुमार ने आरोपी अक्षय को तीन दिन के रिमांड पर ले रखा है। उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के अंदर से उसके हिस्से में आई राशि में से 6.10 लाख रुपये बरामद कर लिए है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ ही उसके साथी खेवड़ा के नसीम की तलाश को लगातार दबिश रही है।
--
खेवड़ा रोड स्थित फैक्टरी के कैशियर ने हमला कर 15 लाख रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार आरोपी से 6.10 लाख रुपये बरामद कर लिए है। उसके साथी की तलाश को लगातार दबिश दी जा रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। नकदी को गिरफ्तार आरोपी के घर से बरामद किया गया है।
अनिल कुमार, चौकी प्रभारी बहालगढ़।