गोहाना (सोनीपत)। गांव रूखी में परचून की दुकान में बैठे दुकानदार को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। परिजन दुकानदार को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची बरोदा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हमलावरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
गांव रूखी निवासी देवेंद्र (35) गांव में अपने घर के अंदर ही परचून की दुकान चलाता था। देवेंद्र बुधवार रात को अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान हमलावर उसकी दुकान में पहुंचे और देवेंद्र पर गोली चला दी। एक गोली उसके सीने व दूसरी पेट में लगी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन दुकान में आए और मामले से देवेंद्र के बड़े भाई बलजीत व सुरेंद्र को अवगत कराया। दोनों भाई तुरंत दुकान पर पहुंचे और देवेंद्र को लेकर पीजीआई रोहतक चले गए। रास्ते में उसका भाई बेसुध हो गया। वह पीजीआई के ट्रामा सेंटर में उसे लेकर गए तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने मामले की सूचना बरोदा थाना की भैंसवान खुर्द चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अमित अपनी टीम के साथ रोहतक पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर वहां एफएसएल की टीम की मदद से सबूत भी एकत्रित किए हैं। पुलिस ने मामले में देवेंद्र के भाई बलजीत के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में कई पहलुओं से जांच कर रही है।
पहले किया मना, बाद में एक युवक पर जताया शक
परिजनों ने पहले पुलिस के सामने किसी से रंजिश होने से मना कर दिया था। साथ ही अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। हालांकि बाद में परिजनों ने एक युवक पर हत्या का शक जताया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है। जल्द घटना का पटाक्षेप किया जाएगा।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
देवेंद्र की हत्या से परिजनों का रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि देवेंद्र की मौत से उसके तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिजनों ने बताया कि देवेंद्र के पास दो बेटे व एक बेटी है। वारदात के बाद पूरा गांव स्तब्ध है।
पुराना रोहतक रोड पर स्थित है देवेंद्र की दुकान
देवेंद्र ने गांव के बाहर पुराना रोहतक रोड पर अपना मकान बना रखा है। मकान के अंदर ही उसने परचून की दुकान रखी थी। जिससे वह अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। हमलावर सड़क के रास्ते और वारदात को अंजाम देकर आसानी से भाग निकले। साथ ही कोई हमलावर को देख भी नहीं सका।
--
गांव रूखी में दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले में परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दुकानदार को दो गोली मारी गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
अमित कुमार, चौकी प्रभारी, भैंसवान खुर्द।
देवेंद्र का फाइल फोटो।- फोटो : Sonipat