सोनीपत। नई अनाज मंडी में बुधवार को हुई कांग्रेस की न्याय का हक महासभा में जिला नागरिक अस्पताल के छह चिकित्सकों की वीआईपी ड्यूटी लगाई गई और दो चिकित्सक छुट्टी पर थे। इसके चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में बुधवार को मेडिकल बोर्ड न बैठने के चलते दिव्यांगों के प्रमाणपत्र बनाने का काम अटक गया। सुरक्षा के लिहाज से स्वास्थ्य विभाग ने न्याय का हक महासभा में चार एंबुलेंस भी लगा रखी थी।
कांग्रेस की महासभा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारी पहले ही कर ली थी। महासभा में वीआईपी ड्यूटी के लिए हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन दलाल, फिजिशियन डॉ. राकेश फोगाट, डॉ. नवदीप मलिक, डॉ. नीतिश कुमार, डॉ. विकास अरोड़ा, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मंजीत राठी व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल सैनी को भेजा गया था। इसके अलावा फिजिशयन डॉ. शैलेंद्र राणा व हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक मलिक भी छुट्टी पर रहे। इसके चलते अस्पताल में आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीज चिकित्सक के आने का काफी देर तक इंतजार करते रहे और बाद में बिना इलाज कराए वापस लौट गए।
नागरिक अस्पताल में हर बुधवार को दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने के लिए दिव्यांगों की चिकित्सा जांच कराई जाती है। अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन दलाल व डॉ. दीपक मलिक के न होने के कारण दिव्यांगों को परेशानी हुई। दिव्यांगता जांच कराने के लिए हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर दिव्यांगों की लाइन लगी रही। जिलेभर से काफी संख्या में अस्पताल पहुंचे दिव्यांग लोगों को चिकित्सक नहीं मिले। इसकी वजह से किसी भी दिव्यांग की जांच नहीं हो सकी। इसके कारण उन्हें काफी देर तक चिकित्सक के आने का इंतजार करने के बाद वापस लौटना पड़ा।
वर्जन
जिला अस्पताल के छह चिकित्सक वीआईपी ड्यूटी पर भेजे गए थे। साथ ही दो चिकित्सक छुट्टी पर गए। चार एंबुलेंस को वीआईपी ड्यूटी के लिए भेजा गया था।
डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग