सोनीपत। चांदी की कीमतों में आए उछाल के बाद स्वर्णकारों का कारोबार भी बढ़ा है। सोने के साथ ही चांदी के आभूषण खरीदने के लिए भी शोरूम पर लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। इससे जिले में सोने व चांदी के कारोबार में तेजी आई है। जिले में चांदी की बात करें तो रोजाना का कारोबार छह करोड़ रुपये से बढ़कर करीब आठ करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि फुटकर दुकानदारों के पास मांग घटी है।
चांदी की कीमतों में अचानक आई तेजी के पीछे कई कारण माने जा रहे हैं। जैनसंस ज्वेलर्स के मालिक बसंत जैन ने बताया कि सोने के मुकाबले चांदी के दाम में कम बढ़ोतरी हो रही थी। विश्व स्तर पर चांदी की मांग बढ़ने के साथ ही दामों में भी तेजी आई है। विशेषज्ञों की मानें तो इन दिनों चुनाव के कारण बॉर्डर सील हैं और सोने-चांदी का आयात-निर्यात लगभग बंद है। यही नहीं कुछ देशों में सोना व चांदी का बड़ी मात्रा में स्टॉक करना भी दामों में बढ़ोतरी का एक कारण माना जा रहा है।
कहीं और ज्यादा न बढ़ जाए दाम...करने लगे खरीदारी
सोने व चांदी की कीमतों में जिस दर से तेजी आई है। उसे देखते हुए लोगों का मानना है कि चांदी के दाम भी जल्द ही एक लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड को पार कर जाएंगे। यही कारण है कि लोग चांदी की पायल, चेन व अन्य आभूषण खरीद रहे हैं। हालांकि फुटकर दुकानदारों के पास कारोबार में मंदी आई है। तेजी से बही महंगाई को देखते हुए उनके पास ऑर्डर आने ही बंद हो गए हैं।
कीमतें बढ़ने के साथ ही बढ़ा कारोबार
सोने के साथ ही चांदी के कारोबार में भी उछाल आया है। जिस दर से कीमतें बढ़ी हैं, उस दर से ही कारोबार भी बढ़ा है। कीमतों में उछाल आने के पीछे सट्टा बाजार को कोई संबंध नहीं है।
बसंत जैन, जैनसंस ज्वैलर्स, सोनीपत
स्टॉक माना जा रहा है कीमतें बढ़ने का कारण
चांदी की कीमतें बढ़ने से कारोबार में उछाल आया है। आने वाले समय में कीमतें कहीं और ज्यादा न बढ़ जाएं, इस डर से लोग आभूषण खरीद रहे हैं। कीमतें बढ़ने के पीछे सोने व चांदी का स्टॉक करना मुख्य कारण माना जा रहा है। चांदी के दामों में तेजी आने से गोहाना में रोजाना का कारोबार डेढ़ करोड़ रुपये से बढ़कर दो करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
सुरेंद्र वर्मा, अध्यक्ष, ज्वेलर्स एसोसिएशन, गोहाना