कोरोना महामारी के बीच बरसात के मौसम के साथ डेंगू के केस बढ़ने शुरू हो गए हैं। खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज से मिली रिपोर्ट के आधार पर जिले में डेंगू के छह मरीज मिले हैं। इनमें महिला मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अलर्ट हो गए हैं।
जुलाई व अगस्त में स्वास्थ्य विभाग ने रैपिड फीवर सर्वे कराया था। इसमें घरों में जाकर मलेरिया व लारवा की जांच की गई थी। मलेरिया की स्थिति काबू में रही, लेकिन अब डेंगू के केस मिलने लगे हैं। अब तक जिले में डेंगू के 15 केस मिल चुके हैं। अब तक 1150 घरों में लारवा मिल चुका है।
इन जगहों पर मिले डेंगू के मरीज
महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में स्वास्थ्यकर्मी समेत डेंगू के छह मरीज मिले हैं। इनमें चौहान जोशी, बहालगढ़, बड़ौता, मुरथल विवि के हॉस्टल, मोहाना में डेंगू के मरीज मिले हैं। महिला मेडिकल कॉलेज से रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आईआरएस (इंडोर रेसीडोल स्प्रे) का छिड़काव कराया है। साथ ही डेंगू के आशंकित क्षेत्र में भी फॉगिंग कराई जा रही है, जिससे लारवा पनपने से रोका जा सके।
लारवा मिलने पर 1075 लोगों को दिया जा चुका नोटिस
स्वास्थ्य विभाग की टीमों की तरफ से घरों में भी सर्वे किया जा रहा है। इसके तहत घरों के आसपास, कूलरों, पुराने बर्तनों व गमलों में जमा पानी की जांच की जा रही है। लारवा मिलने पर अभी तक 1075 लोगों को नोटिस दिए जा चुके हैं। अधिकतर लोगों के घरों में पुराने बर्तनों, कूलरों, गमलों व छतों पर पड़े पुराने सामान में पानी भरा था।
मुख्यालय की टीम ने किया निरीक्षण
डेंगू के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय पंचकूला से आई दो सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को शहर व गांवों में जाकर निरीक्षण किया। कीट विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह व लैब तकनीशियन अमृतपाल सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मियों से जानकारी ली। साथ ही विभिन्न लैब में जाकर डेंगू की जांच प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान चौहान जोशी स्थित एक स्कूल में जाकर कीट विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह ने बच्चों को डेंगू व मलेरिया से बचाव की जानकारी दी। उनके साथ स्वास्थ्य निरीक्षक बलबीर सिंह व एमपीएचडब्ल्यू मनीष दहिया भी मौजूद रहे।
इन सीएचसी क्षेत्रों में मिले डेंगू के मरीज
जुआं 6
बढ़खालसा 5
भैंसवाल कलां 3
शहरी क्षेत्र 1
वर्जन
अपने आसपास पानी न जमा होने दें
बरसात के सीजन में अपने आसपास पानी एकत्रित न होने दें। पानी एकत्रित होने के कारण मच्छर पनप रहे हैं। जिसके कारण लोग बीमार हो रहे हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्र में डेंगू के छह मरीज मिले हैं। ऐसे में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। बुखार आने पर मरीज स्वयं उपचार करने की बजाय चिकित्सक से सलाह लें। अगर आसपास पानी एकत्रित है तो उसे निकाल दें या उसके अंदर दवाई डाल दें।
- डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन सोनीपत।